News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रमन सरकार आने वाले चुनावों में भाजपा को जबर्दस्त प्रदर्शन को लेकर आशान्वित है। मुख्यमंत्री डा. सिंह ने साफ कहा कि कांग्रेस को अगले चुनाव में कांग्रेस की सीटों की गिनती उतनी ही रहेगी, जितने विधायकों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में वोट दिया था। यह संख्या 25 थी, हालांकि कांग्रेस के 34 विधायक हैं।
सरकार के चार साल पूरे होने पर डा. सिंह ने अपने निवास पर पत्रकारों से कहा कि एक साल में उनकी टीम को ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट की तरह सब कुछ फटाफट, तेज और कुशल रणनीति के साथ करना होगा। चुनावी वर्ष के लिए सरकार के पिछले चार साल को वार्म अप माना जाए। टीम पूरी तरह फिट है और चार साल में काफी अनुभव हो गया है। अब अनुभव का लाभ उठाया जाएगा। टीम में कोई बदलाव नहीं होगा।
डा. सिंह ने खुलकर तो नहीं कहा, लेकिन संकेत दे दिए कि अगले चुनाव में भाजपा का एजेंडा उपलब्धियां और विकास रहेगा। उन्होंने बताया कि राज्य की 65 फीसदी आबादी सरकार की 3 रुपए किलो चावल की योजना से लाभान्वित होगी। यह बड़ी उपलब्धि है। छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा देकर उनकी सरकार ने बड़े वर्ग की भावनाओं को संतुष्ट किया है। इन उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाया जाएगा।
डा. सिंह ने दोहराया कि बस्तर में पूरी तरह शांति स्थापित नहीं होने तथा विकास के रफ्तार नहीं पकड़ने की कसम उनके मन में है। चार साल में सिर्फ यही करना बाकी रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले एक साल में बस्तर में विकास के काफी काम होंगे। शांति स्थापित करने की भी कोशिश होगी।
पार्टी जहां से चाहे, लड़ेंगे :
डोंगरगांव से विधानसभा चुनाव जीतकर आए रमन सिंह ने कहा कि पार्टी जहां से चाहेगी, वे चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। यह सीट डोंगरगांव हो या कोई और, फैसला संगठन को करना है।