HomeNewsHaryanaPanipat Panipat

नशेड़ी पिता ने मासूम को पटककर मार डाला

गोहाना/बादली (बहादुरगढ़). पानीपत चुंगी के पास रह रहे उत्तरप्रदेश के एक राज मिस्त्री ताराचंद ने नशे में धुत होकर गुरुवार रात को अपने सवा साल के बालक किशना को बेरहमी से ड्रेन के पुल पर पटक कर मार दिया और उसके शव को ड्रेन में फेंक दिया। ताराचंद फरार है। ताराचन्द की सास ने बताया कि गुरुवार रात उसके दामाद ने जमकर शराब पी। उसके बाद पत्नी सोनाली को पीटकर घर से निकाल दिया। सोनाली अपने मायके चली गई। पीछे से ताराचंद ने अपने छोटे बेटे की पुल पर पटक कर हत्या कर दी।

गुस्साए लोगों ने डंपर फूंका
बादली के गांव पाहसौर खेड़ी के बस स्टैंड पर शुक्रवार को सुबह आठ बजे एक डंपर ने तीसरी कक्षा के छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर फूंक दिया और चौराहे पर स्पीड ब्रेकर की मांग करते हुए रोड जाम कर दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही 11 बजे जाम खुला। सुधीर पुत्र रमेश निवासी गांव पाहसौर जहांगीरपुर के आदर्श सीनियर सेकंडरी स्कूल में तीसरी कक्षा का विद्यार्थी था। सुबह वह स्कूल न जाने की जिद कर रहा था, परंतु उसका पिता रमेश उसे बस में बैठा कर स्कूल पहुंचा आया। स्कूल में प्रार्थना चल रही थी। रमेश सुधीर को स्कूल में छोड़कर वापस चला आया। रमेश के वापस जाने के बाद सुधीर स्कूल से घर के लिए भाग निकला। जहांगीरपुर बस स्टैंड पर पहुंचते ही उसे एक बस मिल गई, जिसमें सवार होकर वह पाहसौर बस स्टैंड पर उतर गया।

जैसे ही वह सड़क क्रास कर रहा था तो झज्जर की ओर से आ रहे ईंटों से भरे डंपर टाटा 709 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने डंपर रुकवाया व ड्राइवर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

बाद में पाहसौर के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने डंपर पर लिखे नंबर पर डंपर मालिक से संपर्क किया, परंतु मोबाइल पर संतोषजनक जवाब न मिलने फिर मोबाइल का स्विच आफ कर लेने पर ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने डंपर में आग लगा दी।

जानकारी मिलने के बाद झज्जर से एसडीएम सतेंद्र दूहन व डीएसपी सुखबीर सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि ब्रेकर बनवाने के बाद ही वे घटनास्थल से रवाना होंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: