लुधियाना. चार लुटेरों ने शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे गिल रोड पर स्थित नीटा ज्वैलर्स में लूटपाट की। शादी का गहने खरीदने के बहाने दुकान में घुसे लुटेरों ने पिस्तौल की नोक पर करीब दो किलो सोने के गहने और 40 हजार रु. नकद लूट लिए। लूटपाट के दौरान दुकान कर्मचारी से मारपीट भी की। वारदात के बाद लुटेरे एक गाड़ी में बैठ फरार हो गए।
उन्हें गाड़ी में सवार होकर गिल चौक की ओर जाते हुए देखा गया। थाना शिमलापुरी पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है व घटना के बाद रैड अलर्ट घोषित कर शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्ते सील कर दिए।
सूचना मिलने पर एसपी (डिटैक्टिव) गुरप्रीत सिंह तूर, डीएसपी (इंडस्ट्रियल एरिया) हरमोहन सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लुटेरों का सुराग लगाने के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्कवायड की भी मदद ली है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।