इंदौर. शुक्रवार को दो कॉलेज के छात्रों ने चक्काजाम कर दिया। वे कॉलेज द्वारा ज्यादा फीस लेने से नाराज थे। चक्काजाम के कारण लोग घंटों तक परेशान होते रहे। आखिर पुलिस ने उन्हें रास्ते से हटाया।
दोपहर डेढ़ बजे मेडिकेप्स इंस्टिट्यूट के करीब छह सौ छात्रों ने महू (एबी) रोड पर चक्काजाम कर दिया। उनका आरोप था कि हमसे ज्यादा (71 हजार रुपए) फीस ली जा रही है। फीस नियामक आयोग द्वारा फीस निर्धारण का हवाला देकर शिकायत की तो कहने लगे कॉलेज से कहा गया हमें उससे कोई मतलब नहीं। करीब एक घंटे चले चक्काजाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर चक्काजाम समाप्त करवाया तो छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों ने कहा जब तक फीस कम नहीं की जाती विरोध जारी रहेगा।
नारेबाजी के बीच कॉलेज के डायरेक्टर शमशेरसिंह छात्रों के बीच पहुंचे लेकिन कुछ कह नहीं पाए। छात्र कॉलेज गेट के बाहर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। इस पर वे बोले यह फीस की बीमारी दूसरे कॉलेजों से यहां आ गई है। हम तो नियम के मुताबिक ही फीस लेते हैं। इसके लिए एक बोर्ड बनाया है जो फीस तय करता है। कॉलेज के अन्य लोग छात्रों को ऑडीटोरियम में चलकर बात करने का कहने लगे लेकिन छात्र नहीं माने।