HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

सरकार की रैली आज, राजनाथ और आडवाणी आएंगे

जयपुर: भाजपा सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार सुबह 11 बजे अमरूदों के बाग में होने वाली रैली के लिए सरकार और संगठन ने पूरी ताकत झोंक दी है। रैली में पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह शामिल होंगे।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी गोपीनाथ मुंडे ने शुक्रवार दोपहर जयपुर पहुंचने के बाद करीब एक घंटे तक रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि यह राजस्थान की ही नहीं, देश की एक ऐतिहासिक रैली होगी, जिसमें 10 लाख से ज्यादा लोग आएंगे। यह प्रदेश के तो सभी रिकार्ड तोड़ेगी ही, आंध्र के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. एनटी रामाराव की उस रैली के रिकार्ड भी तोड़ेगी, जिसे आज तक की सबसे बड़ी रैली माना जाता है।

मुंडे ने कहा कि वे इस सरकार के चार साल के कामकाज से संतुष्ट हैं। रैली की कामयाबी से सरकार की सफलता पर मोहर लग जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश को आर्थिक बदहाली से उबारा है। गांवों में ज्यादा बिजली दी है और नहरों में पूरा पानी पहुंचाया है। उनका कहना था कि सरकार के चार साल पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया बेहद नकारात्मक है। वह अगले छह साल तक ऐसे ही धिक्कार दिवस मनाती रहेगी। पार्टी में असंतोष पर उनका कहना था कि पार्टी एक है और सत्ता व संगठन में अच्छा तालमेल है। पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं को उन्होंने मीडिया की अटकलें बताया।

तैयारियां: सरकारी प्रवक्ता का दावा है कि लोगों को बिठाने के लिए 10 लाख वर्ग फुट के मैदान की व्यवस्था की गई है। मौके पर काम कर रहे पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों का दावा था कि इतनी जगह में ढाई से तीन लाख लोग आसानी से बैठ सकते हैं। लोगों को जयपुर लाने के लिए करीब 8211 बसें और 2000 अन्य वाहन लगाए गए हैं। करीब छह हजार बसें परिवहन विभाग के जरिए ली गई हैं। तीन मंच लगाए : रैली में नेताओं के लिए जनपथ पर अमर जवान ज्योति के पास तीन मंच लगाए गए हैं। एक मंच पर वीवीआईपी, सरकार के मंत्री और पार्टी के बड़े नेता बैठेंगे। दूसरे मंच पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चे व प्रकोष्ठों के प्रमुख लोगों और जिला प्रमुखों आदि को बिठाया जाएगा। तीसरे मंच पर सांसदों और विधायकों को बिठाया जाएगा। इनके अलावा एक मुख्य मंच होगा, जिस पर आडवाणी, राजनाथ, मुंडे, वसुंधरा और महेशचंद्र शर्मा बैठेंगे।

यात्रियों को भारी परेशानी: प्रदेश भर में सरकारी और गैर सरकारी बसें रैली के लिए लगा देने से आम यात्रियों के लिए भारी संकट खड़ा हो गया है। प्रदेश में 4500 सरकारी बसों सहित कुल 17 हजार बसें हैं। इनमें से 2500 वीडियो कोच और 1250 रोडवेज बसें रैली में अधिकृत तौर पर लगा दी गई हैं। प्रदेश के अन्य स्थानों से मिली जानकारी के अनुसार करीब 10 हजार बसें रैली में झोंक दी गई हैं। इससे आम व्यवस्था बिगड़ गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: