तालेड़ा/बूंदी: असम के मोरेगाव में बूंदी जिला स्थित तालेड़ा के सीतापुरा नवोदय विद्यालय के 14 छात्रों के गायब होने की सूचना से तालेड़ा कस्बे में हड़कंप मच गया है। बूंदी के एसपी ने मोरेगांव के एसपी से बात करने के साथ उनको तलाशने के लिए पुलिस दल वहां रवाना कर दिया है।
पुलिस व प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सीतापुरा नवोदय विद्यालय के नौवीं कक्षा के 14 छात्रों व 7 छात्राओं को गत जुलाई में भाषाई संस्कृति व क्षेत्रीय लोक संस्कृति के ज्ञान का आदान-प्रदान के लिए असम के नवोदय विद्यालय में माइग्रेट किया गया था। ये छात्र 4 महीने वहां रहने के बाद दीपावली अवकाश पर सीतापुरा नवोदय विद्यालय लौटे थे। इन छात्रों को विद्यालय प्रशासन ने 23 नवंबर को पुन: वहां भेजा। इनमें से 7 छात्राएं तो वहीं रही, लेकिन 14 छात्र गुरुवार रात डेढ़ बजे के करीब बिना सूचना दिए ही लापता हो गए।
इसकी सूचना जैसे ही बूंदी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मिली, उन्होंने छात्रों की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए। कलेक्टर एस.एस.बिस्सा ने बताया कि वे बूंदी में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने छात्रों का पता लगाने के लिए एडीएम को कार्यवाही करने के लिए कह दिया है। छात्रों की तलाश के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उधर, एसपी लता मनोज कुमार ने असम के मोरेगांव एसपी मदन चेतिया से बातकर छात्रों का पता लगाने के लिए कहा। मोरेगांव जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम भी तलाश में जुटी है।
गुवाहाटी के स्टेट कंट्रोलरूम, गुवाहाटी के एसएसपी सहित पुलिस व प्रशासन के सभी अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। एसपी लता मनोज कुमार ने बताया कि जीआरपी के आईजी को भी इसकी सूचना देकर सभी रेलवे स्टेशनों पर बच्चों को तलाशने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि छात्रों को ढूंढ़ने के लिए तालेड़ा पुलिस टीम असम रवाना कर दी गई है। वे स्वयं मोरेगांव के एसपी से बराबर संपर्क में हैं।
लापता छात्र नरेंद्र, मुकेश कारपेंटर, मनीष नागर, हेमराज गुर्जर, पंकजसिंह, रामलाल मेघवाल, मुकेश मेघवाल, धीरेन्द्र बैरवा, अभिषेक बैरवा, महावीर मेरोठा, कपिल मीणा, घनश्याम मीणा, विजय कमल मीणा व दुर्गालाल मीणा। विद्यालय के नियमों से परेशान थे छात्र मोरेगांव के जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एस.एस.रहमान के अनुसार लापता छात्र विद्यालय के नियमों से परेशान थे। वे मर्ॉ्िनग पीटी व नियमित कक्षाएं ज्वाइन नहीं करना चाहते थे। इनमें दो छात्र नरेन्द्र व मुकेश कारपेंटर तो पूर्व में भी सीतापुरा नवोदय विद्यालय से भाग चुके हैं। इस मामले की रिपोर्ट मोरेगांव में दर्ज करा दी गई है। टीवी पर फोटो दिए जाएंगे एडीएम जे.के.पुरोहित ने बताया कि लापता छात्रों के फोटो टीवी पर दिए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने सीतापुरा जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य आर.एल.माली को कहा है।