उदयपुर: लेकसिटी की स्ट्रांग विमन माला सुखवाल व जोधपुर की जेनिस जोसफ ने न्यूजीलैंड में चल रही विमन कॉमनवेल्थ पावर लिफ्टिंग के जूनियर वर्ग में अपने-अपने भार वर्ग में पांच स्वर्ण पदकों सहित चैंपियनशिप पर कब्जाकर राजस्थान का नाम रोशन किया है।
राजस्थान पावर लिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष विनोद साहू ने भास्कर को बताया कि माला ने 52 किलो भार वर्ग के स्कवेट, बैंच प्रेस व डैड लिफ्ट (व्यक्तिगत स्पर्धा) में 272.5 किलो वजन उठाकर तीन स्वर्ण पदक जीते। कुल भार स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी उनके नाम रहा। इसी तरह जेनिस ने भी 67.5 किलो वर्ग में कुल 340 किलो उठाकर चार स्वर्ण पदक प्राप्त किए। कॅरिअर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रही माला ने बताया कि उसको जरा भी विश्वास नहीं था कि वह यह करिश्मा कर दिखाएगी।
माला इसका श्रेय अपने मम्मी-पापा व कोच अमृतलाल कल्याणी को देती हैं। इससे पूर्व माला ने इसी वर्ष मई में ताइवान में हुए एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 48 किलो भार वर्ग में हिस्सा लेकर रजत पदक जीता था। वहीं कॅरियर के छठे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जेनिस का प्रदर्शन भी शानदार रहा।