अहमदाबाद.गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश मेहता ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और सुरेश मेहता के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी।
सुरेश मेहता ने इस्तीफ़े की घोषणा करते हुए कहा है कि जिस तरह से राज्य में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति हो गई है, उसे देखते हुए इस्तीफ़ा देने का यह सबसे सही समय है। मेहता ने कहा कि वे चुनाव में व्यक्तिगत रूप से मोदी के खिलाफ प्रचार करेंगे।
मेहता ने कहा कि वे नरेंद्र मोदी से असहमत हैं और एक व्यक्ति विशेष के हावी होने से पार्टी के लोगों में असंतोष बढ़ा है।
गौरतलब है कि गुजरात भाजपा का एक बड़ा खेमा नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहा है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल ने भी भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार न करने का फैसला किया था।