धनबाद.धनबाद की एक फास्ट ट्रैक अदालत ने एक मंदिर की जमीन को लेकर चल रहे विवाद की सुनवाई करते हुए भगवान राम और हनुमान को सम्मन जारी किया है। जज सुनील कुमार सिंह की ओर से स्थानीय अख़बारों में विज्ञापन दिया गया हैं जिसमें भगवान राम और हनुमान से अदालत में उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है।
डेढ़ करोड़ रूपए के प्लॉट के मालिकान हक को लेकर चल रहा यह विवाद 20 साल पुराना है। दोनों पक्षों ने 1987 में अदालत की शरण ली थी। इस प्लॉट पर दो मंदिर बने हुए हैं और इनमें राम और हनुमान की पूजा-अर्चना होती है। मंदिर के पुरोहित मनमोहन पाठक का दावा है कि वो प्लॉट उनका है लेकिन स्थानीय लोग ऐसा नहीं मानते।
कुछ साल पहले यह फैसला स्थानीय लोगों के पक्ष में आया था लेकिन पुरोहित मनमोहन पाठक ने फास्ट ट्रैक आदलत में अपील की थी। बचाव पक्ष का कहना था कि भगवान राम और हनुमान ही इस प्लॉट के स्वामी हैं।
इसके बाद जज ने भगवान राम और हनुमान के खिलाफ सम्मन जारी किया था। अदालत ने कहा है बार-बार बुलाने के बाद भी आप अदालत में पेश नहीं हुए इस लिए अब व्यक्तिगत तौर पर आप अदालत में उपस्थित हों।