मांडवी/ अमरेली/ अहमदाबाद. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुजरात के मतदाताओं से कहा है कि वे भाजपा सरकार के ‘भय व छल’ वाले शासन और कांग्रेस के ‘सांप्रदायिक सद्भाव व विकास’ के वादे में से किसी एक का चुनाव करें। सूरत जिले के मांडवी में एक रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। अमरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने मोदी सरकार के ‘सुजलाम सुफलाम’ प्रोजेक्ट को भ्रष्टाचार से परिपूर्ण बताया।
चुनावी सभा में सोनिया ने शनिवार को कहा, ‘यदि आप सांप्रदायिक सद्भाव और विकास चाहते हैं तो कांग्रेस को वोट दें।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी के साथ ‘भाईचारे’ और ‘सद्भाव’ में विश्वास करती है। भाजपा की घोषणाएं और वादे छलावा साबित हुए हैं। सोनिया ने बताया, ‘कई सरकारी नौकरियों में अजा/अजजा के लिए बैकलॉग के पद खाली हैं, लेकिन राज्य सरकार ने वन सहकारी समितियों को बंद कर बेरोजगारों को निराश किया है’।
जनता को भटकाया :
कांग्रेस अध्यक्ष ने अमरेली में कहा कि तथाकथित तेज विकास वाली परियोजनाओं से भाजपा सरकार ने जनता को भटकाने की कोशिश की है। नर्मदा प्रोजेक्ट की सहायक नहरों वाले कई प्रोजेक्ट अभी पूरे नहीं हुए हैं और कुछ को तो पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
मोदी सरकार का असली चेहरा सामने आया:
कपड़वंज में रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने अप्रत्यक्ष रूप से सोहराबुद्दीन पर मोदी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे मोदी सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया है।