नई दिल्ली. गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वक्तव्य पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा की गई टिप्पणी में मोदी को ‘मौत का सौदागर’ बताए जाने पर भाजपा की तगड़ी मांग के चलते चुनाव अयोग ने रविवार को सोनिया के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
सोनिया गांधी के अलावा कांग्रेस के दिग्विजय सिंह को उनकी टिप्पणी ‘गुजरात में हिंदू आतंकवाद फलफूल रहा है’, के लिए चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक दोनों कांग्रेस नेताओं को मंगलवार तक नोटिस का जवाब देने के लिए कहा गया है।
चुनाव आयोग ने कांगेस के दोनो नेताओं को नोटिस मोदी द्वारा दिए गए नोटिस के जवाब के बाद जारी किए हैं। मोदी ने आयोग के नोटिस के जवाब में कहा था कि सोनिया ने गुजरात सरकार को झूठा, बेईमान और मौत का सौदागर कहा था, वहीं दिग्विजय ने राज्य में हिंदू आतंकवाद होने की टिप्पणी की लेकिन चुनाव आयोग ने इन नेताओं को कोई नोटिस जारी नहीं किया है।
मोदी के जवाब की परख :
चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक सोहराबुद्दीन मामले में की गई टिप्पणी के लिए जारी नोटिस पर मोदी के जवाब को एहतियात के साथ जांचा जा रहा है। अब तक आयोग द्वारा कोई फैसला नहीं किया गया है। आयोग इस मामले में कोई भी फैसला जवाब की पूरी परख करने के बाद ही लेगा।
भाजपा के मल्होत्रा को भी नोटिस :
एक अन्य खबर के मुताबिक चुनाव आयोग ने भाजपा नेता विजयकुमार मल्होत्रा को भी एक नोटिस थमाने का फैसला किया है।