मेलबोर्न. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान की पहली पसंद हालांकि माइकल क्लार्क हैं लेकिन ऑसी हरफनमौला एंड्रयू सायमंड्स टीम की कप्तानी करने की महत्वाकांक्षा रखते हैं लेकिन फिलहाल केवल एक दिवसीय मैचों में।
सायमंड्स हालांकि खुद भी मानते हैं कि वर्तमान कप्तान रिकी पोंटिंग के बाद क्लार्क के कप्तान बनने की संभावनाएं ज्यादा हैं लेकिन वे खुद के बारे में कहते हैं कि उन्हें अच्छा-खासा अनुभव है और वे वनडे में कप्तानी कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के एक अखबार संडे हैरॉल्ड में सायमंड्स ने लिखा है कि ऑसी क्रिकेट में क्लार्क का उभरना वाकई बेहद खुशी की बात है लेकिन जब मैं सोचता हूं तो मुझे लगता है कि अगर मैं अपने देश के लिए टीम की कप्तानी करूं तो यह एक अच्छी बात होगी।
सायमंड्स ने आगे लिखा है कि मुझे लगता है कि पोंटिंग के सही उत्तराधिकारी के रूप में टेस्ट टीम के लिए क्लार्क का कप्तान बनना ठीक होगा। आखिर में सायमंड्स ने कहा कि ईमानदारी की बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया की वन डे टीम की कप्तानी का मौका अगर मुझे मिला तो यह मेरे लिए बेहद हसीन और सुनहरा पल होगा।