Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood टीवी शो होस्ट करने और कुछ शो में मेहमान के रूप में हिस्सा लेने के बाद करन जोहर अब जल्द ही एक शो में जज के रूप में भी नजर आएंगे। अगले माह से शुरू होने जा
रहे चैनल एनडीटीवी इमेजिन पर आने वाले संगीतमय शो ‘से शावा शावा’ में वह जज बन रहे हैं। यह एक म्यूजिकल शो है जिसमें अमन वर्मा, अपूर्व अग्निहोत्री, दिव्यांका त्रिपाठी, जूही परमार, मौनी रॉय, नारायणी शास्त्री, पुलकित सम्राट और सुमीत राघवन हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम के होस्ट हैं अली असगर। इस शो का निर्माण कॉन्टिलो फिल्म्स प्रा. लि. कर रहा है।
शो में जज बन रहे करन ने बताया, ‘आज तक मैं कभी भी किसी भी शो में जज के रूप में नहीं गया था, क्योंकि मुझे लगता है कि मैं किसी को जज नहीं कर सकता। यह मेरा क्षेत्र नहीं है। फिर संगीत के बारे में तो मुझे ज्यादा जानकारी भी नहीं है, लेकिन इस शो के कांसेप्ट ने मुझे प्रभावित किया। यही वजह है कि मैं इसमें जज बनने के लिए तैयार हुआ।’
एनडीटीवी इमेजिन के सीईओ समीर नायर ने बताया कि करन चैनल के ब्रांड एंबेसडर है और युवाओं में काफी लोकप्रिय भी हैं। जज के रूप में भी करन दर्शकों पर अपनी अमिट छाप छोड़ने में कामयाब रहेंगे। हालांकि पहले तो करन इसके लिए तैयार नहीं थे, लेकिन समझाने पर वह मान गए। हमें लगता है कि हमारे कार्यक्रम का यह सबसे सशक्त पहलू है।