Manoranjan
Movie Masala Movie Masala फिल्म जगत में अपना अलग मुकाम रखने वाले यशराज बैनर और जी टीवी के बीच गानों को लेकर तलवारें खिंच गई हैं। यशराज बैनर जी टीवी से इस बात को लेकर खफा है
कि यह चैनल ‘सारेगामापा’ जैसे म्यूजिक रिलेटेड शो में उनकी फिल्मों के गाने तो इस्तेमाल करता है, लेकिन बदले में उन्हें भुगतान नहीं करता।
सूत्रों ने बताया कि हालात यहां तक बिगड़ गए कि यशराज फिल्म्स ने हाल ही चंडीगढ़ में हुए आईसीएल के उद्घाटन समारोह, जिसका प्रसारण जी टीवी पर किया गया, में गायक सुखविंदर सिंह को ‘चक-दे’ का टाइटल ट्रैक गाने से मना कर दिया। इस बारे में सुखविंदर से संपर्क करने पर उन्होंने भी इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि यशराज ने उन्हें इस समारोह में इस गीत को न गाने के निर्देश दिए थे। सुखविंदर के मुताबिक वह तो महज एक गायक हैं और यशराज का इस गीत पर पूरा अधिकार है इसलिए उनके किसी निर्देश पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।
इस बारे में जी से जुड़ेे आशीष कौल का कहना है कि यशराज फिल्म्स एक प्रतिष्ठित बैनर है और मुझे नहीं लगता कि वे इस हद तक जा सकते हैं कि किसी गायक को एक खास गीत गाने से मना कर दें। जहां तक हमारी बात है तो हम यही चाहते हैं कि गायकों को वही गीत गाने चाहिए, जिनमें वे खुद को सहज महसूस करें।
हालांकि कौल ने यशराज को भुगतान संबंधी मामले से अनभिज्ञता जताई, लेकिन इस बारे में यशराज बैनर की आधिकारिक प्रवक्ता मोनिका भट्टाचार्य का साफ कहना है कि उनकी फिल्मों के सभी गीतों पर कॉपीराइट के हिसाब से उनका हक है। ऐसे में यदि कोई चैनल उनके गीतों का इस्तेमाल करता है तो उसे हमें रेट कार्ड के हिसाब से भुगतान करना होगा। हालांकि बिजनेस में ऐसी बातें होती रहती हैं और यह कोई असामान्य घटना नहीं है।