News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर: रमन सिंह सरकार के खिलाफ कमजोर आरोपपत्र पेश किए जाने और 9 विधायकों के मतदान के समय गायब रहने का मामला कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी वी नारायण सामी के सामने जोरशोर से उठेगा। श्री सामी के आने से पहले ही पार्टी में कसरत शुरु हो गई है।
भाजपा के अलावा जोगी खेमा भी विधानसभा में रमन सिंह सरकार के खिलाफ पेश आरोपपत्र को लचर करार दे चुका है। जोगी खेमा आरोप पत्र के मुद्दे पर संगठन को घेरने की तैयारी कर रहा है तो दूसरी तरफ संगठन ने विधायकों के गायब रहने के मामले को तूल देने का फैसला लिया है। श्री सामी 14 दिसंबर को प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वे यहां बैठकें लेने के साथ ही दुर्ग व राजनांदगांव में आयोजित पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में भी हिस्सा लेंगे। संगठन व जोगी खेमा उनके सामने होगा।
समझा जाता है कि जोगी खेमे के निशाने पर प्रदेश अध्यक्ष चरणदास महंत व नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा होंगे। वहीं संगठन खेमा अजीत जोगी समर्थक विधायकों पर हमला बोलना चाहता है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज इस मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया। चरणदास महंत ने आज स्वीकार किया कि सरकार के खिलाफ और भी गंभीर आरोप लगाए जा सकते थे। गृह विभाग से संबंधित मामले और खासकर कानून व्यवस्था का मुद्दा आरोप पत्र में शामिल नहीं किए जाने पर उन्होंने हैरानी जताई। श्री महंत ने सफाई दी कि आरोप पत्र संगठन ने तैयार नहीं किया था, बल्कि नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा व पार्टी के विधायकों को यह जिम्मा दिया गया था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौैरान विधायकों के गायब रहने को उचित नहीं माना है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधायकों से पूछताछ होगी। यह अच्छा आचरण नहीं है। ऐसे समय किसी भी तरह की चूक नहीं होना चाहिए। चार विधायकों ने पीसीसी ने अनुमति ली थी, लेकिन बाकी विधायकों की ओर से कोई सूचना नहीं मिली। उन सभी से नेता प्रतिपक्ष बात कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार के मामलों की नए सिरे से तहकीकात श्री महंत ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी रमन सिंह सरकार के चार साल के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के सभी मामलों की नए सिरे से तहकीकात कर दस्तावेज एकत्र करेगी। श्री सामी ने भी यही आदेश दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सरकार के घोटालों को लेकर एक पुस्तक भी छपवा रही है। इसमें रमन सरकार की असफलताओं का जिक्र है।
चावल दिलाने का प्रयास प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री महंत ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह पर चावल को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार केंद्र द्वारा निर्धारित कोटा नहीं उठा रही थी इसलिए कटौती कर दी गई। उन्होंने कहा कि रमन सिंह तीन रुपए किलो चावल देने के लिए ऐसा कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार बनी तो हम दो रुपए किलो चावल देंगे। यह पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल होगा।
दीवान का स्वागत आज गौसेवा आयोग के अध्यक्ष का पद और भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस में आए संत पवन दीवान तीन साल बाद बुधवार को कांग्रेस भवन आ रहे हैं। वहां चरणदास महंत की मौजूदगी में उनका स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। श्री महंत ने कहा कि पार्टी के सभी नेता समय आने पर एक मंच पर आ जाएंगे। श्री महंत ने कहा कि उन्हे मोतीलाल वोरा द्वारा तीन साल पहले बनाई गई प्रदेश कार्यकारिणी पर भरोसा है।