अमृतसर.
धुंध बढ़ने से सड़क हादसे भी बढ़ने लगे हैं। सोमवार को धुंध के चलते हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव पक्खोके में रहने वाले चंचल सिंह सोमवार की रात आठ बजे घर से साइकिल पर काम के लिए निकले। गांव बंडलाडा के पास पीछे से आए ट्रक (आरजे 31जी 4116) ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे चंचल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर हरजिंदर सिंह वासी खासा ने बताया वह अपने पिता कश्मीर सिंह और चाचा लखबीर सिंह के साथ मोटरसाईकल पर अमृतसर से घर लौट रहे थे।
छेहर्टा पहुंचने पर अटारी की तरफ से आते ट्रक (पीबी10वाई-9737) ने टक्कर मार दी। हादसे में कश्मीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक प्रताप सिंह वासी गांव रामूवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ट्रेन से कटकर मौत
तरनतारन.
गांव कका कंडियाला की एक महिला करतार कौर पत्नी महिंदर सिंह की डीएमयू से कटकर मौत हो गई।