News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर: छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार शहर में राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा किया जा रहा है, जबकि राज्य स्तरीय से पहले जिला स्तर पर बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जा चुका है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सभी जिलों से पांच-पांच टीमें भाग लेंगी, जबकि 10 से 17 वर्ष आयुवर्ग के छात्र-छात्रा अपने-अपने माडलों का प्रदर्शन करेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के अलावा एक-एक जिला समन्वयक व एक-एक स्काट टीचर भी भाग लेंगे। बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘जैव विविधता प्रकृति बचाए-भविष्य सवारे’ है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिक संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रायोजित है।
इधर छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के डायरेक्टर जनरल डा. पीके भट्ट ने कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह को राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के आयोजन को लेकर पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए समिति का गठन करने की बात कही है। कांग्रेस के आयोजन के लिए जिला स्तर पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा के व्याख्याता अनिल तिवारी को जिला समन्वयक नियुक्त किया गया है।