जालंधर/लुधियाना. मुख्यमंत्री बादल की रैली से पहले कार से आरडीएक्स बरामद होने के मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ के डा. भगवान सिंह संधू को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी गुरप्रीत सिंह की तलाश में पुलिस दूसरे राज्यों में छापा मार रही है। कुछ समय पहले गुरप्रीत को मुंबई में देखा गया था।
उधर, यूपी गई पुलिस पार्टी खाली हाथ लौट आई है। एसएसपी आर.के. जायसवाल ने कहा कि डा. संधू को मंगलवार रात लुधियाना बस अड्डे से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद ही पता चलेगा कि आरडीएक्स से किसे निशाना बनाना था।
गौरतलब है कि 2 सिंतबर को मुल्लांपुर के पास गांव रूड़का निवासी गुरप्रीत की कार से सीएम की रैली से ऐन पहले साढ़े तीन किलो आरडीएक्स मिला था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में है।
गुरप्रीत का दोस्त
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को डा. संधू और गुरप्रीत की दोस्ती का पता चला। उन्होंने बताया कि गुरप्रीत, संदीप और डा. संधू कुछ महीने एक साथ रहे थे और उनलोगों ने पंजाब में किसी बड़ी आतंकवादी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
खन्ना से आरडीएक्स मिला!
गुरप्रीत के साथी गुरिंदर सिंह उर्फ काला के पकड़ में आने के बाद पुलिस ने खन्ना से आरडीएक्स बरामद किया। पुलिस ने वहां से एक संदिग्ध युवक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कहा जा रहा है कि बरामद आरडीएक्स पांच किलो से ज्यादा है।
संधू से पूछताछ जारी
डा. संधू से देर रात पुलिस के साथ-साथ खुफिया शाखा भी पूछताछ जुटी थी। लुधियाना बम कांड की बिखरी कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस 65 वर्षीय संधू से पूछताछ कर रही है।