इंदौर: इंदौर से रवाना हुए 70 से ज्यादा हजयात्रियों की मुंबई स्टेशन पर फजीहत हो रही है। वे चार दिन से हज जाने की बांट जोह रहे हैं लेकिन 300 से ज्यादा नंबर का वेटिंग लगा हुआ है। जाने की आखिरी तारीख 14 दिसंबर है लेकिन उन्हें अब कोई आसार नजर नहीं आ रहा है। हजयात्रियों ने मुंबई हज कमेटी पर ठगी का आरोप लगाया है।
मुंबई में फंसे हजयात्रियों ने ‘भास्कर’ कार्यालय पर फोन कर अपनी पीड़ा बताई। नया पीठा निवासी गुलफाम ने बताया कि करीब 80 हजार रु. प्रति हजयात्री के लिहाज से उन्होंने अपने पिता अब्दुल अजीज और मां शहजाद बी के नाम से पहले 75 हजार रु. दिए और फिर एक लाख रु. का ड्राफ्ट दिया। 7 दिसंबर को कमेटी ने उन्हें कन्फर्म लेटर दिया। इस पर वे ड्रॉफ्ट बनाकर 9 दिसंबर को मुंबई पहुंचे। तीन दिन बाद भी अभी लंबी वेटिंग लगी है। छावनी निवासी मो. सुलेमान ने परिवार के 5 लोगों के लिए बुकिंग की थी और चार लाख रु. दिए थे। वे भी वेटिंग के झमेले में बैठे हुए हैं। हजयात्रियों का आरोप है कि उनके साथ सरासर ठगी की गई है। मामले में मुंबई कार्यालय पर फोन से बात की तो सीईओ मोहम्मद ओवेल्स से बात करने का हवाला दिया लेकिन उन्होंने मोबाइल नहीं उठाया।