bhaskar Web English
HomeNewsHaryanaHisar Hisar

फिर होगी बूंदाबांदी

हिसार. हिसार और आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार तक बादल छाए रहने तथा गरज चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। यह आशंका हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग ने राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जताई है।

वैज्ञानिक डॉ. दीवान सिंह ने बताया कि इस दौरान अधिकतम तापमान 20 से 22 और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पिछले तीन दिन के मौसम पर नजर डालें तो न्यूनतम तापमान 4.5 से 11.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.2 से 22.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस दौरान नगर में सोमवार की रात को 3.8 मिलीमीटर बरसात भी हुई।

तापमान बढ़ा पर राहत नहीं
मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई लेकिन लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम 20.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

किसान क्या करें, क्या नहीं
गेहूं की बिजाई न कर सकने वाले किसान इस माह के पहले पखवाड़े तक अवश्य कर लें। इस समय की बिजाई के लिए सोनालिका, डब्ल्यूएच 291, डब्ल्यूएच 542, राज 3785, पीबीडब्ल्यू 373, सोनक ही बोएं तथा प्रति एकड़ 60 किलोग्राम बीज डालें।

खरपतवार की सबसे बड़ी समस्या से निपटने के लिए खरपतवारों को फसल की शुरू से बढ़वार के लगभग 30 दिन के अंदर ही एक बार निराई गुड़ाई करके खेत से निकाल दें।

जौ की पछेती फसल में बीजी 105 किस्म की बिजाई करें। एक एकड़ के लिए 45 किलोग्राम बीज लेकर कतारों में 18 से 20 सेमी. का फसला रखें। समय पर बीजी गई फसल में बिजाई के 45-50 दिन बाद पहला पानी यथानुसार लगाए।

आलू में मिट्टी चढ़ाते समय नाइट्रोजन खाद दें व खेत की नियमित सिंचाई करें। हानिकारक कीटों में चेपा से रक्षा के लिए प्रति एकड़ फसल पर 300 मिली रोगोर 30ईसी या 300 मिली मेटासिटाक्स 25ईसी को 300 लीटर पानी में घोलकर 10-15 दिन के अंतर पर आवश्यकतानुसार छिड़काव करें।

प्याज की पनीरी इस माह तैयार हो जाएगी, जिसके लिए समय से खेत को तैयार करें। एक एकड़ खेत में लगभग 20 टन गोबर की खाद बिखेर कर जुताई करें। रोपाई से पहले प्रति एकड़ 16 किलोग्राम नाइट्रोजन, 20 किलोग्राम फास्फोरस तथा 10 किलोग्राम पोटाश खेत में दें।

गाय-भैंसों शीतला रोग का टीका लगाएं।

पशुओं का गोबर लगातार पतला हो तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: