जयपुर. पासपोर्ट विभाग अगले महीने प्रदेश के 32 जिलों के 289 डाकघरों में पासपोर्ट की ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था शुरू करने जा रहा है। इससे आवेदकों को पासपोर्ट कार्यालय में फार्म भरने व जमा कराने के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे इंटरनेट पर ही पंजीयन करा सकेंगे।
पासपोर्ट फार्म डाककर्मियों द्वारा भरवाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। ऑनलाइन पंजीयन के बाद आवेदक को कंप्यूटर द्वारा दी गई समयावधि में फार्म की मूल प्रति, दस्तावेज व शुल्क पासपोर्ट कार्यालय में जमा कराना होगा।
प्रदेशभर में खुलेंगे डीपीसी
पासपोर्ट विभाग द्वारा प्रदेश के 32 जिलों में जिला पासपोर्ट सेंटर (डीपीसी) शुरू किए जाएंगे। अभी प्रदेश के नौ जिलों में जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, बांसवाड़ा, सीकर, झुंझुनूं में जिला पासपोर्ट सेंटर काम कर रहे हैं।
मार्च तक शिफ्ट होगा कार्यालय
नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित पासपोर्ट कार्यालय मार्च तक झालाना में निर्माणाधीन नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगा।
>> ट्रेवल एजेंट के बाद आम आदमी के लिए पासपोर्ट विभाग में ऑनलाइन पंजीयन शुरू किया गया था। अब डाकघरों में ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।
श्रवण कुमार वर्मा, पासपोर्ट ऑफिसर