नई दिल्ली. भारत के पश्चिमी राज्य गुजरात में विधानसभा चुनावों के लिए पहले चरण के मतदान के बाद आईं रिपोर्टो में हिंदुत्व कार्ड के आधार पर मैदान में खड़े नेताओं के आधार खोने और कांग्रेस को फायदा होने की बात कही गई है।
एक्जिट पोल के हवाले से दो प्रमुख निजी टीवी चैनलों की रिपोर्ट में कहा गया है कि मंगलवार को पहले चरण में 87 सीटों पर मतदान के बाद ऐसी संभावना बन रही है कि भाजपा को कुछ सीटों का नुकसान हो सकता है और उसकी 54 सीटों के बजाय 40 से 48 सीटों पर जीतने की उम्मीद है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस को इससे फायदा होने का अनुमान लगाया गया है। दूसरे चरण के लिए रविवार को 95 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा जहां पांच साल पहले भाजपा ने दबदबा कायम किया था। चुनाव के नतीजे 23 दिसंबर तक आने की संभावना है।
एक टीवी चैनल ने अनुमान बताया है कि दोनों चरणों के मतदान के बाद भाजपा को कुल 182 सीटों में से इस बार 115 सीटें मिल सकती हैं जबकि पिछले चुनाव में पार्टी 128 सीटों पर काबिज थी। वहीं, कांग्रेस की सीटों में इजाफा हो सकता है और पिछली बार की 51 सीटों की अपेक्षा इस बार तकरीबन 65 सीटें मिल सकती हैं।