नई दिल्ली.प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सेनाओं से अतिरिक्त स्पेक्ट्रम खाली करवाने के संबंध में बनाए गये मंत्रियों के समूह से शीघ्र अपना कार्य पूरा करने और स्पेक्ट्रम उपलब्धता तथा समय के बारे में खाका सुझाने को कहा है।
प्रधानमंत्री ने आज 'इंडिया टेलीकाम 2007' का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने स्पेक्ट्रम को एक बहुमूल्य और सीमित संसाधन बताते हुये इसका अधिकतम इस्तेमाल करने तथा स्पेक्ट्रम उपलब्ध कराने की नीति के निष्पक्ष तथा पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।
साथ ही उन्होंने कहा कि इससे नए आपरेटरों के प्रवेश में बाधा नहीं आनी चाहिए और इस बात की भी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए कि स्पेक्ट्रम आवंटन से सरकार को उचित राजस्व मिले।
उन्होंने स्पेक्ट्रम के लिए सही मूल्य तथा निष्पक्ष आवंटन नियमों को महत्वपूर्ण बताया और इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्द्धा को बढाने पर जोर दिया।