कोलंबो. जिस मैदान पर श्रीलंकाई गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन ने सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड कायम किया अब उस स्टेडियम का नाम बदलकर मुरली के नाम पर रखा जा सकता है।
श्रीलंका के खेल मंत्री जैमिनी लोकुजे ने बुधवार को कहा कि उन्होंने कैंडी के एसजीरिया स्टेडियम का नियंत्रण करने वालों से पूछा गया है कि क्या इस स्टेडियम का नाम श्रीलंका के सबसे मशहूर गेंदबाज मुरली के नाम पर रखा जा सकता है।
गौरतलब है कि इसी मैदान पर पिछले हफ्ते इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में मुरली ऑस्ट्रेलिया के रिटायर्ड गेंदबाज शेन वॉर्न का 708 विकेट का रिकॉर्ड तोड़कर दुनिया के शीर्ष टेस्ट गेंदबाज बन गए चुके हैं। साथ ही, कैंडी से ताल्लुक रखने वाले मुरली ने इसी मैदान पर अपना 700वां विकेट जुलाई में बांग्लादेश के खिलाफ लिया था।
हालांकि कैंडी स्टेडियम को देखने वाले ट्रिनिटी कॉलेज के उप प्राचार्य ने कहा है कि अब तक उन्हें इस सिलसिले में कोई आवेदन नहीं मिला है।