बेंगलूरु. ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाने वाली 16 सदस्यीय भारतीय टेस्ट टीम में जब वीरेंद्र सहवाग का नाम चयनकर्ताओं ने लिया तो सभी हैरान रह गए। सहवाग को एक और लाइफलाइन देते हुए इस दौरे में युवा चेहरे तेज गेंदबाज पंकज सिंह को भी मौका दिया गया है।
24 संभावितों में सहवाग का नाम नहीं था लेकिन गौतम गंभीर को कंधे की समस्या के कारण टीम में नहीं रखा गया है और उनकी जगह वीरू को मौका मिला है। बीसीसीआई के सचिव निरंजन द्वारा चयन समिति की बैठक के बाद टीम की घोषणा की गई।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से निगाहें खींचने वाले राजस्थान के 22 वर्षीय पंकज सिंह को दौरे में शामिल किया गया है। पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के अंतिम टेस्ट में नहीं खेलने वाले सचिन तेंदुलकर, महेंद्रसिंह धोनी, जहीर खान, आरपी सिंह भी इस दौरे में शामिल हैं।
सहवाग और पंकज के चयन के अलावा टीम में और कोई चौंकाने वाली बात नहीं है। दिनेश कार्तिक दौरे में शामिल हैं जबकि मुनाफ पटेल नहीं। मुनाफ को लेकर चयनकर्ताओं का मानना है कि उन्हें अभी और घरेलू क्रिकेट खेलने की जरूरत है।