Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
अपनी पहली अंग्रेजी फिल्म ‘एंट्स’ के लिए मृणाल सेन की ‘आमार भुवन’, अंजन दास की ‘सांझ बाती चितिर कथा’ और 54 हॉलीवुड फिल्मों सहित दुनिया भर की सैकड़ों चुनिंदा फिल्मों के बीच यलो स्टोन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में 2002 का बेस्ट फॉरेन फिल्म का पुरस्कार जीतने वाले निर्माता-निर्देशक सुनील बब्बर अब हिंदी व अंग्रेजी में फिल्म ‘दि पार्टी’ लेकर आए हैं। आगामी फरवरी में रिलीज होने वाली इस फिल्म में आस्ट्रेलिया के इशान और चंडीगढ़ की अक्षिता की मुख्य जोड़ी है।
सुनील बब्बर के अनुसार- ‘दि पार्टी’ की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है। एक आप्रवासी लड़की अपने पिता के कहने पर अपनी सांस्कृतिक विरासत को देखने और अपनी जमीन की खुशबू महसूस करने के लिए भारत आती है, जहां उसे अपने पिता का बताया हुआ भारत कहीं नंबर नहीं आता। वह जिस पार्टी में जाती है, वहां आए लोग आज के भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते देखते हैं। एक घटनाक्रम एक किरदार की हत्या हो जाती है, जिससे कहानी में अप्रत्याशित मोड़ आते चले जाते हैं।’ वह आगे कहते हैं- ‘यह ऐसी कमर्शियल फिल्म है, जिसमें कलात्मक मूल्य और फिलॉसफी का भी संतुलित समावेश है। मैं बिना संदेश और बिना थॉट वाली फिल्म बना ही नहीं सकता।’
उल्लेखनीय है कि करनाल के मूल निवासी सुनील बब्बर चंडीगढ़ के ‘डिपार्टमेंट ऑफ इंडियन थिएटर’ के स्टूडेंट रह चुके हैं, जहां से अनुपम खेर, किरण खेर आदि प्रतिष्ठित कलाकार निकले हैं। सुनील हरियाणा खेल एवं युवा विभाग में वरिष्ठ कला अध्यापक और फिर 6-7 साल तक हरियाणा राज्य सांस्कृतिक समन्वयक के पद पर भी काम कर चुके हैं। दूरदर्शन की चर्चित डॉक्यूमेंटरी सीरीज ‘रॉक मार्डन’ के साथ उन्होंने फिल्म मेकिंग में कैरियर शुरू किया। ‘दि पार्टी’ उनकी दूसरी फीचर फिल्म है।