गुड़गांव.
दो दिन की छुट्टी के बाद सेक्टर-45 स्थित यूरो इंटरनेशनल स्कूल शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच खोला गया। स्कूल परिसर और बाहर पुलिस बल देखकर बच्चे सहमे हुए थे। इस घटना को भुलाने और बच्चों का डर दूर करने के लिए स्कूल प्रबंधन ने सात मनोवैज्ञानिक बुलाए हुए थे। मंगलवार को स्कूल में हुए गोलीकांड के बाद स्कूल प्रबंधन ने दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी थी।
उस घटना का असर शुक्रवार को भी बच्चों पर साफ दिखाई दिया। स्कूल के चेयरमैन सतबीर यादव के मुताबिक शुक्रवार को बच्चों की हाजिरी 65 प्रतिशत रही। मनोवैज्ञानिकों ने बारीकी से बच्चों के दिल की बात जानी।
स्कूल प्रबंधन का दावा है कि बच्चे अब इस घटना को भूल चुके हैं तथा उनके मन में इस घटना को लेकर कोई डर नहीं है। सतबीर यादव ने बताया कि बच्चों के विचार और उनकी समस्याएं जानने के लिए नियमित रूप से स्कूल में काउंसलिंग कराई जाएगी। शुक्रवार को यूरो इंटरनेशनल स्कूल में अधिकतर बच्चे अभिभावकों के साथ पहुंचे।
इलेक्ट्रानिक मीडिया ने किया माहौल खराब : यूरो इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन सतबीर यादव का कहना है कि इस दुख की घड़ी में इलेक्ट्रानिक मीडिया ने बच्चों के मन में डर पैदा कर माहौल अधिक खराब कर दिया। बच्चों के मन में डर पैदा होना स्वाभाविक है। शुक्रवार को भी दिनभर इलेक्ट्रानिक मीडिया स्कूल परिसर के आसपास तैनात रहा।
हालांकि स्कूल प्रबंधन ने इलेक्ट्रानिक मीडिया से दूर रहने का आग्रह किया था, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। बस से नीचे उतरते ही स्कूल स्टाफ ने बच्चों का हालचाल पूछा, मगर अधिकतर बच्चे बिना कोई जवाब दिए डरे-सहमे कक्षाओं की ओर चले गए। स्कूल के अंदर तैनात पुलिस बल और बाहर खड़ी इलेक्ट्रानिक मीडिया की गाड़ियों को बच्चे उत्सुकता से देख रहे थे।