उदयपुर. मोंटेक सवाल हिंदी में पूछा गया है, इसका जवाब भी हिंदी में दो..। द इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स की इंडियन इंजीनियरिंग कांग्रेस में मुख्य अतिथि योजना
आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेकसिंह अहलुवालिया ने जब सवालों का जवाब अंग्रेजी में देने के लिए पत्रकारों से इजाजत मांगी, तब उनकी पत्नी व प्रख्यात अर्थशास्त्री ईशर अहलुवालिया ने इस अंदाज में टोका। पत्नी की सलाह पर मोंटेक अंग्रेजी में जवाब देते-देते रुक गए और हिंदी में बोलने लगे। इस अंदाज पर वहां मौजूद सभी जन मुस्कुरा दिए। सवाल था देश में अमीर और अमीर बनते जा रहे हैं, जबकि गरीब ज्यादा गरीब।
मोंटेक सिंह ने इस बात पर इत्तेफाक नहीं रखते हुए कहा कि देश में बहुत लोगों का लाइफ स्टाइल बदल रहा है, आर्थिक विकास असमान जरूर है, लेकिन असंतुलित नहीं। देश में बीपीएल परिवारों की संख्या घट रही है, हां यह बात जरूर है कि उतनी तेजी से बीपीएल कम नहीं हो रहे जितनी तेज गति से आर्थिक विकास। अहलुवालिया के जवाब पर श्रीमती अहलुवालिया पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुई।
उन्होंने फिर याद दिलाया ‘मोंटेक, एशियन डेवलपमेंट बैंक के पेपर के बारे में बताओ, चाइना..’। इतने में समय की कमी की वजह से मोंटेक जवाब पूरा नहीं कर सके और बात अधूरी रह गई। श्रीमती अहलूवालिया बैचेन हो गई और वार्ता समाप्त होने पर वह खुद उठ कर पत्रकारों के बीच पहुंची और बताया कि मैं आप लोगों तक सही बात पहुंचाना जरूरी समझती हूं ताकि आप इसे आमजन तक पहुंचा सकें।
चाइना की ग्रोथ को लेकर लोग मिसाल देते हैं, लेकिन एडीबी के हाल में प्रकाशित एक पेपर में यह साफ बताया गया है कि ब्राजील, चाइना जैसे देशों में आर्थिक असमानता बहुत ज्यादा है। इंडिया का इसमें नाम नहीं है। जब पत्रकारों ने पूछा क्या उनका भी कांग्रेस में कोई पेपर है तो वे हंस पड़ी और बोली-नहीं मैं सिर्फ मोंटेक के साथ आई हूं।