नवां चूहड़ चक्क (मोगा). मोगा जिले के चूहड़ चक्क रेल फाटक पर शुक्रवार सुबह 8:22 पर जबरन गेट पार करने की कोशिश में एक मिनी बस सतलुज एक्सप्रैस की चपेट में आ गई जिससे 16 की मौके पर ही मौत हो गई और एक की मौत इलाज के दौरान हुई। 13 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में ज्यादातर छात्र और शिक्षक हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर है।
मुख्यमंत्री बादल ने घटनास्थल का दौरा कर मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मारे गए लोगों के नजदीकी आश्रितों को 1-1 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया। रेलवे ने मृतकों के आश्रित को 5-5 लाख, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार और मामूली घायलों को 25-25 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।
घायलों का इलाज जगराओं सिविल अस्पताल और लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में चल रहा है। मरने वालों में नौ लोग नवां चूहड़ चक्क गांव के थे। जीआरपी ने घटना के बाबत गेटमैन कुलविंदर और बस ड्राइवर इकबाल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद से दोनों फरार हैं। उत्तर रेलवे के जीएम सत्यप्रकाश ने जांच कमेटी गठित कर दी है।
ऐसे हुआ हादसा
जगराओं से लोपो कालेज जा रही मिनी बस नवां चूहड़ चक्क फाटक पर रुकी। गेटमैन कुलविंदर ने 12 वर्षीय बेटी गोलू को बस में बिठा दिया। गेटमैन प्रेम नाथ ने भी 11 वर्षीय बेटी किरण को बस में बिठा दिया। ड्राइवर ने कुलविंदर को अखबार थमाया और फाटक खोलने को कहा।
फाटक खुलने के बाद बस जब लाइन पार कर रही थी तभी सतलुज एक्सप्रैस ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस 20-25 फीट दूर गड्ढे में जा गिरी।