जोधपुर. रेल में साधारण दर्जे में यात्रा करने वाले मुसाफिरों को अब टिकट लेने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। रेलवे ने स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट
वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) लगाने की योजना तैयार की है। जिसमें यात्री स्मार्ट कार्ड के जरिए कुछ ही मिनट में अपना टिकट ले सकेंगे। इन मशीनों से मासिक सीजन टिकट भी बनाए जाने की योजना पर रेल प्रशासन विचार कर रहा है। रेलवे मुख्यालय से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के कुल 180 एटीवीएम लगाने का काम शुरू हो जाएगा।
मेट्रो शहरों की तर्ज पर उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के जोधपुर, अजमेर समेत अन्य मंडलों में ए श्रेणी के 140 तथा बी श्रेणी के 40 स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित करने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेजा है। फिलहाल मुंबई के वीटी व थाने स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध है। रेल मुख्यालय ने भोपाल समेत अन्य स्टेशनों पर भी एटीवीएम लगाने की स्वीकृति देने के बाद इन मशीनों को लगाने का कार्य एक निजी कंपनी को सौंप दिया है।
इन स्टेशनों का चयन
इन मशीनों को लगाए जाने के लिए पश्चिम रेलवे को सौंपे गए पायलट प्रोजेक्ट के तहत मुंबई सेंट्रल, बड़ोदरा, राजकोट समेत उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के जोधपुर, अजमेर, जयपुर समेत कई स्टेशनों का चयन किया गया है। इनकी रिपोर्ट शीघ्र ही रेल मुख्यालय को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने के पश्चात इन मशीनों को लगाने का काम शुरू होगा।
कैसे मिलेगौ एटीवीएम से टिकट
इसके लिए रेलवे 100, 200, 500 व 1000 रुपए के स्मार्ट कार्ड जारी करता है। यात्री इस कार्ड में जितनी कीमत का वाउचर खरीदकर फीड करेगा, उसे उतनी ही कीमत के अनारक्षित टिकट मिल सकेंगे। इसके जरिए प्रत्येक स्टेशन के अनारक्षित दर्जे के टिकट लिए जा सकेंगे। बाद में रेलवे इस मशीन से मासिक सीजन टिकट भी बनाने की सुविधा शुरू करेगी।
प्रत्येक स्टेशन के टिकट मिलेंगे
यात्री एटीवीएम मशीन में अपना कार्ड फीड करेंगे। उसके बाद टच स्क्रीन पर उससे संबंधित जानकारी मांगी जाएगी। इसकी एंट्री होने पर स्टेशन के नाम सामने आ जाएंगे। यात्री की ओर से स्टेशन की जानकारी फीड करने के बाद उसे अनारक्षित दर्जे का टिकट मिल जाएगा।