सुमेरपुर. जवाईबांध स्टेशन से करीब 20 किमी दूर मोरी रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह रेल पटरी टूटी हुई मिलने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आठ घंटे
की मशक्कत के बाद पटरी को दुरस्त किया गया। इस दौरान इस मार्ग से गुजरने वाली गाड़ियों को स्लो डाउन किया गया और 15 मिनट तक रेल यातायात रोका गया।
शुक्रवार सुबह सात-आठ बजे के बीच एक किसान ने रेल की पटरी टूटी हुई होने की सूचना दी। जवाईबांध, नाणा, फालना आदि रेलवे स्टेशनों पर इससे अफरा-तफरी मच गई। इस पर खंड अभियंता वीराराम मीणा तकनीकी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। आठ घंटे की कार्रवाई के बाद यहां साढ़े छह मीटर की नई रेल लाइन बिछाई गई और दोपहर सवा चार बजे ट्रैक को सामान्य घोषित किया गया।
महज 15 मिनट की रोक
दूदनी-रघुनाथपुरा रेलवे फाटक एलसी नंबर 90 के पास होकर निकलने वाली रेल पटरी संख्या 524/6-7 का ट्रैक ढलान पर है। पटरी के टूटे जाने की सूचना और मरम्मत के कार्य के दौरान इस ट्रैक से अनेक यात्री रेलों व मालगाड़ियों का आवागमन जारी रहा। इस संवाददाता ने दोपहर 1 बजे मौके पर जाकर देखा तो पटरी से रेलें गुजर रही थीं। खंड अभियंता वीराराम मीणा का कहना है कि ऐसी परिस्थिति में ट्रैक को बाधित करने की बजाय रेलों के आवागमन की स्थिति उनकी निर्धारित गति को स्लोडाउन (10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार) कर गुजारा जाता है। ट्रैक का नया हिस्सा लगाने के दौरान 15 मिनट तक यातायात बंद रखा गया।
* रेल पटरियों की जांच और अन्य सुरक्षा पहलुओं के लिए रात्रि में पेट्रोलमैन व कीमैन की नियमित गश्त होती है। सर्दी अधिक होने से संभवत: पटरी टूटी। रेलों के स्लोपास के बाद सामान्य गति से आवागमन किया जा रहा है।
- वीराराम मीणा, इंजीनियर विंग जवाईबांध
पहले भी हो चुका है हादसा
मोरी-बेडा जवाईबांध रेलवे स्टेशन के मध्य आमान परिवर्तन के बाद 3 अप्रैल, क्२ को अहमदाबाद-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस रात करीब सवा 3 बजे इसी ट्रैक से नीचे उतर गई थी। इस हादसे में 13 बोगियां क्षतिग्रस्त हुई थी और कई यात्री घायल हो गए थे।
मिनट-मिनट की सूचना
दूदनी-रघुनाथपुरा रेल ट्रैक के टूटने व उसके सामान्य बहाल होने की स्थिति तक विशेष रूप से जवाईबांध व मोरी-बेडा रेलवे स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे। जवाईबांध स्टेशन प्रबंधक लीलाराम मीणा और मोरी से स्टेशन मास्टर अजरुन अग्रवाल प्रत्येक 10 मिनट बाद स्थिति की जानकारी लेकर उच्चधिकारियों को अवगत कराते रहे। इस दौरान घटनास्थल पर कर्मचारी सतर्कता के साथ कार्य करते रहे।
संरक्षा आयुक्त करेंगे रेल हादसे की जांच
दिल्ली से अहमदाबाद जा रही स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस के सिरोही रोड व बनास रेलवे स्टेशन के बीच पटरी से उतरने के मामले की जांच नागर विमानन मंत्रालय रेल संरक्षा आयोग करेगा। इसके लिए पश्चिमी परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त प्रशांत कुमार शनिवार को आबू रोड पहुंचेंगे।