हांसी. रूपनगर कॉलोनी में गुरुवार की रात करीब आधा दर्जन युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ युवकों ने नगर परिषद प्रधान पिंकी गाबा के घर का दरवाजा तोड़ डाला और उनके ससुर हरिचंद गाबा को घायल कर दिया। उन्होंने कॉलोनी के करीब दो दर्जन मकानों के दरवाजों पर हैंडपंप के हैंडिल से प्रहार भी किया। घबराए लोगों ने शहर पुलिस को सूचित किया लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची वे फरार हो चुके थे।
इस घटना को लेकर शुक्रवार की सुबह नगर परिषद प्रधान पिंकी गाबा के नेतृत्व मंे कॉलोनी के गुस्साए लोगांे ने बड़ी संख्या में शहर थाना पर प्रदर्शन कर युवकों गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों ने पुलिस को बताया कि उत्पात मचाने वालों में एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी का पुत्र सुमित खुराना व उसके साथी शामिल हैं। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए शहर थाना प्रभारी इंद्र सिंह कुंडू ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
ये थी उत्पात की वजह
रूपनगर कॉलोनी के नजदीक तिकोने पार्क पर सुभाष व रमेश नामक दो भाई चाऊमीन की रेहड़ी लगाते हैं। पुलिस को दी शिकायत में सुभाष ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 9 बजे सुमित खुराना उनके पास आया और सौ रुपए देने के लिए कहा।
रुपए देने से मना करने पर सुमित ने उसे जान से मारने की धमकी दी और चला गया। रात करीब साढ़े 11 बजे वह एक गाड़ी में अपने साथियों के साथ कॉलोनी में आया और एक मकान के बाहर लगा हैंडपंप का हैंडिल उखाड़ कर दरवाजों पर प्रहार शुरू कर दिया। वे उसे बाहर निकलने के लिए कह रहे थे।
क्या कर रही है पुलिस
शहर पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुमित खुराना के पिता को थाने में बुलाया है। उसे अपने पुत्र को पेश करने के लिए कहा गया है। फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। एसएचओ इंद्र सिंह कुंडू का कहना है कि लोग पुलिस से सुरक्षा तो चाहते हैं लेकिन कोई गवाही नहीं देना चाहता है।