अजमेर. कमेटी ने दरगाह की सुरक्षा के लिए शुक्रवार को 6 गार्ड्स नियुक्त किए हैं। नाजिम व सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने चयनित गार्ड्स को निर्देश दिए। ये गार्ड
सोमवार से कामकाज संभालेंगे। नवनियुक्त सिक्योरिटी सुपरवाइजर और आरपीएफ के रिटायर्ड सहायक सुरक्षा आयुक्त एमबी मिर्जा और नाजिम अहमद रजा ने गेस्ट हाउस में गार्ड्स को दरगाह की सुरक्षा के संबंध में जरूरी टिप्स दिए।
रजा ने गार्ड्स को जायरीन के लिए आवागमन सुगम बनाने, महिलाओं और बच्चों की जियारत के बेहतर इंतजाम करने, जेबकतरों और भिखारियों पर निगरानी रखने और पुलिस से बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में दरगाह की संपत्ति को नुकसान से बचाने तथा बिजली व पानी के अपव्यय को रोकने का दायित्व भी गार्ड्स का रहेगा।
रजा ने बताया कि शनिवार को सभी गार्ड्स ड्यूटी जॉइन करेंगे। उनकी विशेष वर्दी रविवार को आएगी और सोमवार से वे दरगाह परिसर में तैनात होंगे।
दरगाह में एक और हाइ बीम कैमरा
दरगाह में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने के लिए शुक्रवार को परीक्षण के लिए उच्च क्षमता का एक और सीसी कैमरा लगाया गया। इसके सफल होने पर बाद सभी कैमरे बदले जाएंगे। यह कवायद दरगाह कमेटी ने सीआइडी के आग्रह पर की है। दरगाह के शाहजहांनी गेट पर यह कैमरा लगाया गया।
कांट्रेक्टर ने बताया कि यह कैमरा 360 डिग्री एंगल पर घूम सकता है और हर तरफ से तस्वीर लेने में सक्षम है। पूर्व में लगाए गए दोनों उच्च क्षमता के कैमरे भी परिसर में अभी लगे हुए हैं। सीआइडी और पुलिस अफसर दोनों प्रकार के कैमरों का जायजा लेने के बाद एक को फाइनल करेंगे। सीआइडी के एएसपी (सीआइडी इंटेलीजेंस) गजानंद वर्मा ने इस संबंध में दरगाह गेस्ट हाउस में नाजिम अहमद रजा से बात की। उन्होंने गेस्ट हाउस परिसर में बने रिकार्डिंग रूम का निरीक्षण भी किया।