News
Chhattisgarh
Raipur Raipur
रायपुर: प्रदेश कांग्रेस आज से रमन सरकार के खिलाफ चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट गई। वी नारायण सामी ने लोकजागरण अभियान के जिला प्रभारियों से बारी-बारी सुझाव मांगे। दर्जन विधायकों की अनुपस्थिति चर्चा में रही। बैठक में नेताओं के बीच गुटबाजी और विवाद भी खुलकर सामने आए। कई बार खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत को सफाई देनी पड़ी। बैठक की शुरुआत में श्री महंत ने कहा कि रमन सरकार के राज में प्रदेश की जनता भयभीत है। कांग्रेस के लोग गांव-गांव जाकर जनता श्री महंत ने जब लोग जागरण अभियान के जिला प्रभारी विधायकों के नाम पुकारने शुरु किए तो सन्नाटा छा गया, कई विधायक बैठक में नहीं आए थे। इनमें रविन्द्र चौबे, भूपेश बघेल, धर्मजीत सिंह, गुलाब सिंह, महंत रामसुंदर दास प्रमुख हैं।
गैरहाजिरों से पूछें : वीसी : पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल ने पार्टी के कार्यक्रम में नहीं आने वालों पर लगाम कसने की जरुरत बताई। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बैठकों में औपचारिता निभाने आते हैं, तो कुछ आते ही नहीं। ऐसे लोगों से पूछताछ होना चाहिए।
हेडमास्टर जैसा सलूक न हो : वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि हर किसी के काम करने का तरीका अलग होता है। संगठन को हेड मास्टर जैसा सलूक नहीं करना चाहिए।
तरुण पर कटाक्ष : बैठक में पूर्व मंत्री तरुण चटर्जी को कांग्रेसियों का कटाक्ष झेलना पड़ा। वे बता रहे थे कि चार बार चुनाव लड़े हैं। तभी एक पदाधिकारी ने पूछ लिया कितने वोट से हारे?
कुछ दलों से नुकसान : नेताम : अरविंद नेताम ने बसपा, गोगंपा व शिवसेना से कांग्रेस को नुकसान बताते हुए निगाह रखने की सलाह दी।
जोगी की तारीफ : बैठक में मौजूद विधायकों में अधिकांश ने अजीत जोगी के तीन साल के शासन की तारीफ की। उदय मुदलियार ने कहा कि लोकजागरण अभियान में खाद, केरोसीन व अनाज की कमी का मुद्दा उठाना चाहिए।
बंद कमरे में बात हो : विधायकों ने श्री सामी से बंद कमरे में बात सुनने की मांग की। उनका कहना था कि सार्वजनिक तौर पर हर बात नहीं कही जा सकती। प्राय: सभी विधायकों ने अपने भाषण में यहीं तर्क दिया।
महंत ने दी सफाई : रामपुकार सिंह ने चरणदास महंत द्वारा कांग्रेस की सरकार बनने पर दो रुपए किलो चावल देने की घोषणा को लेकर सवाल उठाए। जवाब में श्री महंत ने सफाई दी श्री महंत व मोतीलाल वोरा से अनुमति लेकर ही उन्होंने यह घोषणा की है।
कांग्रेस की पुस्तक : कांग्रेस भवन में प्रदेश प्रभारी वी नारायण सामी ने रमन सरकार की 101 असफलताएं व कांग्रेस संदेश पत्रिका का विमोचन किया। दोनों पुस्तिका का प्रकाशन प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने किया है।