HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

बदलेगी गांवों की तस्वीर

चूरू. जिले के तीन गांवों का कायाकल्प होगा। रतनगढ़ तहसील के दाउदसर, चूरू के दूधवाखारा व सरदारशहर तहसील के पूलासर गांवों को हैरिटेज लुक देने के लिए बदलेगी गांवों की तस्वीरलाखों रुपए खर्च होंगे। जानकारी के मुताबिक तीन गांवों का दीनदयाल उपाध्याय आदर्श गांव के रूप में चयन किया है। जिला परिषद आगामी एक सप्ताह में इन गांवों के विकास की योजना के प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजेंगी। कुछ दिनों पूर्व राज्य सरकार की ओर से जिला परिषद के पास प्रत्येक पंचायत में आदर्श गांव चिह्न्ति कर भिजवाने की सूचना आई थी, जिस पर जिला परिषद ने पंचायत समितियों के जरिए आदर्श गांव के लिए प्रस्ताव मांगे।

चयन प्रक्रिया के तहत तीन वर्ष में ऐसे गांवों में किसी प्रकार के मुकदमे नहीं हो, जहां की आबादी तीन हजार हों, जिन गांवों की पृष्ठभूमि हैरिटेज से संबंधित हो तथा जहां ट्यूरिज्म की संभावना हो। सूत्रों ने बताया कि पिछले वर्ष सुजानगढ़ तहसील के गोपालपुरा व राजगढ़ तहसील के ददरेवा का आदर्श गांव के रूप में चयन कर प्रस्ताव भिजवाया है और इन गांवों को अब तक पहले चरण में क्रमश : 18 व 19.5 लाख रुपए विकास कार्यो के लिए प्राप्त हो चुके हैं। इसी क्रम में इस बार चूरू, रतनगढ़ व सरदारशहर पंचायतों से आए प्रस्तावों के आधार पर दाउदसर, दूधवाखारा व पूलासर गांव का चयन कर प्रस्ताव भिजवाने की कवायद चल रही है।

संबंधित पंचायत के विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि एक-दो दिन में प्रस्ताव तैयार कर जिला परिषद को भिजवाए, ताकि जिला परिषद उन्हें राज्य सरकार को भिजवा सकें। इन तीन गांवों में अगले तीन वर्षो में योजनाबद्ध ढंग से विकास किया जाएगा। गांवों को आर्थिक एवं सामाजिक दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के उपलब्ध बजट के प्रावधानों को प्राथमिकता से खर्च किया जाएगा। इन गांवों में 2007-08 से 2010 तक अतिरिक्त व्यय की राशि योजना मद से की जाएगी।

छतरियां व गढ़ लुभाएंगे
दाउदसर : रतनगढ़ से करीब 15 किलोमीटर दूर दाउदसर गांव बसा है। गांव में ऊंचाई पर बना नीमा नारायण का दर्शनीय स्थान है। इसके अलावा गांव की छतरियां व ऐतिहासिक गढ़ जीर्णोद्धार के बाद पर्यटकों को लुभा सकते है। रतनगढ़ तहसील के इस गांव में मुकदमेबाजी कम है।

21 हवेलियां आकर्षित करेंगी
दूधवाखारा : चूरू से 30 किलोमीटर दूर दूधवाखारा गांव में ऐतिहासिक गढ़ है, जिसे जीर्णोद्धार करवाकर विकसित किया जा सकता है। इसके अलावा 21 हवेलियां, मंदिर व तालाब हैरिटेज स्थल के रूप में विकसित किए जा सकते हैं। यह चूरू पंचायत का गांव है। यहां पिछले कई वर्षो से मुकदमेबाजी नहीं हुई।

राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त गांव
पूलासर : चूरू-सरदारशहर सड़क मार्ग पर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर पूलासर गांव को निर्मल गांव योजना अंतर्गत पिछले दिनों स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त हुआ है। गांव के लोग शांतिप्रिय है तथा यहां मुकदमेबाजी नहीं है। यह सरदारशहर तहसील का गांव है।

* तीन गांवों को राज्य सरकार ने आदर्श गांव बनाने के लिए चयन किया है। जल्दी ही इनके प्रस्ताव बीडीईओ से मिलते ही राज्य सरकार को भिजवाएं जाएंगे। इन गांवों का तीन वर्षो में क्रमबद्ध विकास किया जाएगा।
-मदनमोहन व्यास एसीईओ, जिला परिषद

* सुजानगढ़ के गोपालपुरा व राजगढ़ के ददरेवा के बाद रतनगढ़ में दाउदसर, चूरू में दूधवाखारा व सरदारशहर में पूलासर का आदर्श गांव के रूप में चयन हो गया है, इनके प्रस्ताव भिजवाने की कार्रवाई चल रही है।
-भींवाराम चौधरी सीईओ





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: