कोटा/ओंकारेश्वर/खंडवा. भाजपा नेता दिनेश शर्मा उर्फ पप्पी हत्याकांड के मुख्य आरोपी राधेश्याम भूमलिया का कहना है कि यदि मैं दिनेश शर्मा को नहीं मारता तो वो मुझे मार देता। इस बीच मप्र के औंकारेश्वर स्थित साध्वी ऋतंभरा के आश्रम के ट्रस्टियों की भूमिका की भी जांच होगी। हालांकि साध्वी ऋतंभरा ने कहा है कि उनका किसी भी आरोपी से कोई लेना-देना नहीं है।
उधर, मृतक दिनेश शर्मा के भाई धर्म्ेद्र ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तार सत्यप्रकाश शर्मा का भाई पूर्व पार्षद जयप्रकाश शर्मा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। अदालत ने शुक्रवार को दोनों आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ सत्तू और राधेश्याम भूमलिया को सोमवार तक पुलिस रिमांड पर दे दिया। पूछताछ के दौरान राधेश्याम ने अपने बयान में कहा है कि हमारे सामने दिनेश की हत्या करने के अलावा दूसरा कोई चारा नहीं था।
मामले के जांच अधिकारी नयापुरा थानाधिकारी जसवंतसिंह ने बताया कि भगोड़ों को पनाह देने वाला भी दोषी कहलाता है। गौरतलब है कि दोनों आरोपियों को गुरुवार को मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर स्थित साध्वी ऋतंभरा के आश्रम से गिरफ्तार किया गया था। आश्रम के प्रबंधक महेंद्र सालुंके का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को ट्रस्टी इंदर पांचाल की सिफारिश पर आश्रम में ठहराया गया था।
उधर, तीर्थनगरी ओंकारेश्वर के निकट कोठी में साध्वी ऋतुभंरा के आश्रम से हत्या के दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वहां सन्नाटा पसरा हुआ है।
* जिस ट्रस्टी इंद्र पांचाल ने दोनों अभियुक्तों को साध्वी ऋतंभरा के आश्रम में ठहराया था, उसके खिलाफ भी जांच की जा रही है। आश्रम प्रबंधक के खिलाफ भी जांच करेंगे।
—जसवंतसिंह, सीआई, नयापुरा
* तीर्थनगरी होने की वजह से प्रतिदिन कई लोग आते-जाते हैं, किस-किस पर नजर रख सकते हैं।
—बसंत मिश्रा, टीआई, ओंकारेश्वर
* हमारा आश्रम निर्माणाधीन है। कोई भी उसमें रुक सकता है। आरोपियों के रुकने की जानकारी हमें भी उनके गिरफ्तार होने के बाद ही मिली। आरोपी हमारी संस्था के सदस्य भी नहीं हैं और इनसे हमारा कोई संबंध नहीं है।
—साध्वी ऋतंभरा, खंडवा