इंदौर. मध्य प्रदेश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को खरगौन लोकसभा और सांवेर विधारसभा के लिए हुए उप चुनाव में करारी मात खानी पड़ी है। यह दोनों ही सीटें कांग्रेस ने भाजपा से छीनी हैं।
खरगौन लोकसभा सीट में भाजपा की हार को उसके लिए एक बड़ा झटका बताया जा रहा है। यहां से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख सुभाष यादव के पुत्र अरुण यादव ने भाजपा के धुरंधर नेता कृष्णमुरारी मोघे को 1.18 लाख वोटों से मात दी है। हालांकि यहां से अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। यह सीट लाभ के पद के मामले में मोघे को अयोग्य घोषित किए जाने से रिक्त हुई थी। अरुण यादव ने भास्कर से बातचीत में बताया कि उनकी जीत की सबसे बड़ी वजह सत्ताधारी भाजपा के विधायकों के प्रति जनता में उपजा आक्रोश है। पिछले चार सालों में विकास का कोई काम नहीं हुआ है।
खरगौन में प्रदेश की पूर्व उप मुख्यमंत्री उमा भारती की पार्टी के उम्मीदवार संजय झवर ने 1.36 लाख वोट हासिल कर भाजपा के समीकरणों को बिगाड़ने में अच्छी खासी भूमिका निभाई। उधर, सांवेर विधानसभा सीट में कांग्रेस के ही तुलसी सिलावट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के संतोष मालवीय को 9292 वोटों से हराया। यह सीट भाजपा सरकार में मंत्री रहे प्रकाश सोनकर की मृत्यु से रिक्त हुई थी।
जम्मू-कश्मीर में भी कांग्रेस विजयी :
जम्मू-कश्मीर की पूंछ-हवेली सीट पर हुए उप चुनाव में शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी जहांगीर मीर ने जीत दर्ज की। मीर ने करीबी प्रतिद्वंद्वी स्वतंत्र प्रत्याशी यशपाल शर्मा को चार हजार से ज्यादा वोटों से हराया। मीर को कुल 20697 वोट मिले जबकि शर्मा को 16299। भाजपा के प्रदीप शर्मा को केवल 1957 वोट ही मिल पाए।