Manoranjan
Telly Talk Telly Talk कुछ अरसे पहले सोनी टीवी पर प्रसारित हुए रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में रवि किशन द्वारा की गई टिप्पणी से नाराज कश्मीरा शाह आज भी उनसे खफा हैं और उन्हें माफ करने
के लिए तैयार नहीं हैं। यही वजह है कि उन्होंने हाल ही में एक चैट शो में रवि किशन के साथ हिस्सा लेने के लिए मना कर दिया। शो के आयोजकों ने फिर कश्मीरा की जगह पूजा बेदी को लेकर एपिसोड की शूटिंग की।
गौरतलब है कि हाल ही में शुरू हुए 9एक्स चैनल पर पाकिस्तानी होस्ट बेगम नवाजिश अली का शो आ रहा है। जिसमें बेगम नवाजिश अली बने पाकिस्तान के अली सलीम हमारे देश की सेलिब्रिटीज के साथ बतियाते नजर आ रहे हैं। इस शो में हिस्सा लेने के लिए कश्मीरा शाह से संपर्क किया गया था। जब उन्हें बताया गया कि उन्हें रवि किशन के साथ शो में हिस्सा लेना है तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया।
कश्मीरा का कहना है कि वे रवि किशन को कभी माफ नहीं करेंगी। औरतों के बारे में किस तरह बात की जाती है, यह उन्हें पता ही नहीं है। रवि किशन से वे दूर ही रहना चाहती हैं। ‘बिग बॉस’ के दौरान रवि किशन ने औरतों को लेकर जिस तरह के जुमले उछाले उसके लिए उन्हें पूरे देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। कश्मीरा के मुताबिक रवि किशन के साथ हिस्सा लेने की बजाय वे चाल्र्स शोभराज के साथ शो करना ज्यादा पसंद करेंगी।