इंदौर: दो दिन से तल्ख तेवर बता रही ठंड ने भी संडे मनाया। आसमान खुला, धूप निकली और पारा चार डिग्री तक उछला। हालांकि शनिवार-रविवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
दो दिन की कंपकंपी के बाद रविवार सुबह लोग जागे तो धूप उनके अहाते तक पहुंच गई थी। गुनगुनी धूप ने छुट्टी का मजा कई गुना कर दिया। बच्चे जमकर क्रिकेट खेले तो बड़े भी धूप सेंकते रहे। हालांकि दिन ढलते-ढलते ठंड ने फिर कब्जा जमाना शुरू कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 24 डिग्री, सामान्य से दो डिग्री कम रहा। यह शनिवार के अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री से चार डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात से एक डिग्री कम रहा।