भोपाल: पिपलानी इलाके में शनिवार देर रात अवैध संबंधों के कारण एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कालेज के एक छात्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। छात्र, आरोपी युवक का रिश्तेदार है। गंभीर हालत में छात्र का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सीएसपी गोविंदपुरा रामजी श्रीवास्तव के मुताबिक गैरतगंज, रायसेन निवासी गेंदालाल अहिरवार (20) भेल कालेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसका अजरुन नगर निवासी रिश्तेदार नारायण सिंह के घर पिछले डेढ़ साल से आना जाना था। दोनों मिलकर ठेला भी लगाते थे। नारायण सिंह की दो पत्नी हैं। दोनों ही उसके साथ रहती हैं। पहली पत्नी के तीन बच्चे हैं। गेंदालाल के नारायण की पहली पत्नी से पिछले एक साल से अवैध संबंध थे। पिछले एक महीने से नारायण की पत्नी को आत्मग्लानि होने लगी थी। शनिवार को उसने अवैध संबंधों के बारे में अपने पति को बताया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर गेंदालाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। गेंदालाल शनिवार को रायसेन से फार्म जमा करने आया था। शाम को नारायण उसे घर ले गया और जमकर शराब पिलाई।
इसके बाद उसके साथ मारपीट की। रात करीब ग्यारह बजे नारायण अपनी पहली पत्नी के साथ उसे स्कूटर पर बैठाकर बी सेक्टर पिपलानी के एकांत स्थान पर ले गया। जहां दंपती ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जिसमें वह अस्सी फीसदी झुलस गया। उसका हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को दिए बयान में गेंदालाल ने बताया कि वह आरोपी दंपती को नहीं जानता है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात दंपती के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस नारायण और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
विवाद के बाद महिला ने आग लगाई: गोविंदपुरा में शनिवार की रात एक महिला ने केरोसिन डालकर स्वयं को जला लिया। उनका हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार डी सेक्टर, बरखेड़ा निवासी सतीश महाजन भेल में ठेका श्रमिक हैं। शनिवार की रात पारिवारिक विवाद के चलते सतीश की पत्नी ममता (30) ने केरोसिन डालकर आग लगा ली। उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आत्महत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है।
ट्रेन से कटकर जान दी मिसरोद इलाके में रविवार सुबह एक अज्ञात महिला ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक निर्मल इस्टेट के पास एक महिला ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। उसकी उम्र लगभग 28 साल बताई गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।