जयपुर. शीतलहर ने रविवार को माउंट आबू को बर्फ में दबा दिया, जहां न्यूनतम तापमान -3 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को वहां चारों ओर बर्फ ही बर्फ नजर आ रही थी। नलों में और बर्तनों में पानी जम गया था। शेखावाटी क्षेत्र में पाला पड़ने से खेतों में फसलें खराब हो गई। जयपुर में न्यूनतम तापमान एक डिग्री और गिरने से लोग दिनभर धूजते रहे।
पूरे प्रदेश में जहां रात्रि के तापमान में गिरावट रही, वहीं कई जगह रविवार को दिन का तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने से लोगों ने सर्दी से मामूली राहत महसूस की। माउंटआबू में रविवार सुबह 9 बजे तक जमीन पर बर्फ बिछी थी। दोपहर तक सड़कों पर सन्नाटा था। यहां घूमने आए ब्रिटेन के प्रशासनिक अधिकारी जोसेफ ग्रोटेंड ने कहा कि राजस्थान को गर्म प्रदेश बताया जाता है, लेकिन यह तो यह तो पश्चिमी यूरोप से टक्कर ले रहा है।
शेखावाटी में पाला : शेखावाटी क्षेत्र में रविवार को दिनभर ठंडी हवाओं ने लोगों घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। चूरू में शनिवार को रात्रि का तापमान 3.5 डिग्री से घटकर 0.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पिलानी में तापमान 2.6 डिग्री रहा। रतनगढ़ क्षेत्र में फसलों पर बर्फ जम गई। झुंझुनूं के बुडानियां, धत्तरवाला, अलीपुर, जखोडा व गोठड़ा क्षेत्र में शनिवार को जमकर पाला गिरा। कुछ जगहों पर तो बर्फ जमने से फसल खराब हो गई।
श्रीगंगानगर में सरसों खतरे में : श्रीगंगानगर में सर्द हवाओं का दौर रविवार को भी जारी रहा। यहां रात का तापमान गिरने से सरसों में पाले की आशंका हो गई है।
अजमेर में दोपहर बाद थोड़ी राहत
अजमेर में बर्फीली हवाओं के साथ ही गलन के कारण लोगों को दिनभर कंपकपी छूटती रही। सर्दी के आगे धूप भी असहाय थी। सुबह से ही छाया कोहरा दोपहर बाद हटा। इसके बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली।
कोटा में सर्दी शबाब पर
कोटा में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट होने से सर्दी पूरे शबाब पर है। रविवार को यहां बाजार, सड़कें और पार्क सूने नजर आए। दिनभर लोग सर्दी से बचने के उपाय करते रहे।
बीकानेर में दिनभर गलन
बीकानेर में शनिवार को हाड़ कंपाने वाली सर्दी के बाद रविवार को दिनभर गलन रही। दोपहर बाद तेज धूप से लोगों को कुछ राहत मिली,लेकिन शाम होते-होते तेज सर्दी फिर तेज।
यूं हुई रात के तापमान में गिरावट
क्षेत्र शुक्रवार शनिवार
माउंटआबू -1 -3
पिलानी- 3.5- 2.6
चूरू- 3.5- 0.9
जयपुर- 4.8- 3.6
श्रीगंगानगर- 6.0- 3.8
उदयपुर- 6.0- 5.8
अजमेर- 9.1- 7.7
(डिग्री सेल्सियस)