News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर: 7 से 9 दिसंबर को गोवा में आयोजित 27वीं राष्ट्रीय जूनियर ताइक्वांडो स्पर्धा में प्रदेश की 21 सदस्यीय टीम ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के खिलाड़ी पूरी प्रतियोगिता में छाए रहे।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर की खिलाड़ी ममता बहेलिया ने मिडिल वेट वजन ग्रुप में झारखंड व राजस्थान राज्य के खिलाड़ियों को पराजित कर प्रदेश टीम को कांस्य पदक दिलाया। इधर क्वार्टर फाइनल मैच में रजनी लहरे, नियती ध्रुर्वे व प्रिया सिंह ने स्थान बनाया था। अन्य खिलाड़ियों में अनुरेंद्र उपाध्याय, अनुराग मसीह, निलेश राय, आशीष लहरे, वेदप्रकाश जायसवाल, हिमाचल गुप्ता, गौरव महिलांगे, हरप्रीत छाबड़ा, पल्लवी पाटले, सोनिया राय हरियानी ने दूसरे चक्र में प्रवेश कर उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतियोगी खिलाड़ियों को उनके कोच शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार से सम्मानित मुकेशपुरी गोस्वामी ने उचित मार्गदर्शन व प्रशिक्षण प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय स्पर्धा का आयोजन 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक पुलिस ग्राउंड स्थित बैडमिंटन हाल में रखा गया था। स्पर्धा के पश्चात राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए गोल्ड मेडल प्राप्त कर चुके खिलाड़ियों का चयन किया गया था। प्रदेश के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ियों को गोवा की राष्ट्रीय जूनियर ताइक्वांडो स्पर्धा के दौरान छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदत्त ट्रेकशूट का वितरण भी किया गया था। बिल्हा नगर पंचायत के उपाध्यक्ष जगदीश कौशिक व विधायक प्रतिनिधि नरेश कौशिक व जनपद सदस्य विक्रम सिंह के द्वारा खिलाड़ियों को ट्रेकशूट दिया गया था। शशि ध्रुर्वको राष्ट्रीय स्पर्धा में सफलतापूर्वक अपने उत्तर दायित्व का निर्वहन करने पर स्मृति चिह्न् व प्रशस्तिपत्र से सम्मानित भी किया गया।
इधर स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के ताइक्वांडो खिलाड़ियों द्वारा पदक प्राप्त करने पर छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के संरक्षक व पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन, अध्यक्ष आरएल आम्रवंशी, उपाध्यक्ष केप्टन केके गर्ग, एलके पांडेय, विजय पांडेय, कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, धर्मलाल कौशिक, महापौर अशोक पिंगले, रामदेव कुमावत, राजा पांडेय, राजकुमार शर्मा, डा. आरके शर्मा, शाहिद अहमद खान, अमिताभ मानिकपुरी, पीजी जयकृष्णनन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है।