News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर: इन दिनों कोटा, लोरमी, रतनपुर सहित शहर से लगे ग्रामीण इलाकों में बंट रहे एक इनामी पर्चे की चर्चा हो रही है। इस पर्चे में भगवान राम और लक्ष्मण से जुड़े एक सवाल का जवाब पूछा गया है और उसका सही उत्तर बताने वाले को नगद 50 हजार रुपए का इनाम देने की बात कही गई है।
राम कथा प्रेमी उमाशंकर साव द्वारा छपवाए गए इस पर्चे में रामचरित मानस के दो दोहों का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि वनवास के दौरान जब शूर्पणखा श्रीराम से प्रणय निवेदन करती है तो वे सीता की ओर देखते हुए कहते हैं कि मेरा छोटा भाई लक्ष्मण कुंवारा है। पर्चे में लिखा गया है कि मानस के बालकांड में ही बताया गया है कि सम्राट दशरथ के चारों पुत्र राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का विवाह सीता, उर्मिला, मांडवी तथा श्रुति कीर्ति के साथ हुआ था। जब लक्ष्मण का विवाह हो चुका था, तो राम ने उन्हें कुंवारा क्यों कहा। उमाशंकर इसी सवाल का जवाब चाहत हैं और जवाब देने वाले को 50 हजार रुपए देने की बात कहते हैं।
उनका कहना है रामचरित मानस पढ़ने के बाद यह सवाल उनके मन में उठा। इसका जवाब पाने के लिए उन्होंने राम कथा से जुड़ी कई किताबें पढ़ीं और विद्वानों से चर्चा की। वर्षो बाद उन्हें इस सवाल का जवाब मिला। अब वे लोगों को भी इस रहस्य से परिचित कराना चाहते हैं। इसके लिए वे रोज शाम गोबरीपाट गांव में उपलब्ध रहते हैं। जहां कि लोग उनसे संपर्क कर इस सवाल के संबंध में अपनी उत्सुकता शांत कर सकते हैं। बहरहाल जवाब जो भी हो ग्रामीणों में अब इस विषय पर बहस छिड़ी हुई है। लोग राम कथा से जुड़ी किताबें पढ़ रहे हैं, जिससे कि वे इसका जवाब ढूंढ सके और इनाम जीत सकें।