जालंधर. पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हिमपात के बाद समूचा पंजाब शीत लहर की चपेट में आ गया है। मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट इस कद्र जारी है कि ठंड के मामले में आदमपुर (जालंधर) ने श्रीनगर को भी पीछे छोड़ दिया है। रविवार को आदमपुर में न्यूनतम तापमान 1.4 और श्रीनगर में 5.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले सप्ताह दो दिन तक हुई बरसात से ठंड तो बढ़ी थी, लेकिन बादल छाए रहने की वजह से तापमान इतना ज्यादा नहीं गिरा था। शनिवार को आसमान साफ होने के बाद ठंड ने प्रचंड रूप धारण किया और पारा लगातार गिरता चला गया। पारा गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
यातायात भी प्रभावित हुआ है। खुले इलाकों में ठंड के अलावा धुंध ने भी प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। सड़कों पर वाहन सुस्त रफ्तार से चल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शीत लहर से अगले 24 घंटे में कोई विशेष राहत नहीं मिलेगी सुबह के समय आंशिक धुंध रहेगी और शाम के समय आसमान में स्मोकेज रहेगी।