जगराओं (लुधियाना). मोगा ट्रेन बस हादसे की धमक अभी धीमी भी नहीं पड़ी थी कि रविवार देर रात जगराओं के मानवरहित रेलवे फाटक पर खिलाड़ियों से भरी
मिनी बस लुधियाना से फिरोजपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन से जा टकराई। हादसे में 12 वालीबॉल खिलाड़ियों सहित सभी 14 सवार घायल हो गए हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर है, जिन्हें डीएमसी अस्पताल में रैफर किया गया है। अन्य घायल जगराओं के सिविल अस्पताल में दाखिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक मिनी बस चालक ने शराब पी रखी थी। नशे में वह गाड़ी पर कंट्रोल नहीं रख पाया और गाड़ी ट्रेन से जा टकराई। टक्कर के बाद मिनी बस पलट गई। आस-पास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलने पर एसएसपी लुधियाना देहाती गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीएसपी भूपिंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद रेलवे का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
इंजन से टकराया मिनी बस
हादसा रविवार रात 9:55 का है। ट्रेन अभी जगराओं से एक किमी. ही आगे निकली थी तभी मानवरहित फाटक पर मिनी बस ट्रेन के इंजन से आ टकराई और पलट गई।
हादसे के बाद ट्रेन यहां करीब 10 मिनट रुकी और फिर गंतव्य की ओर रवाना हो गई।
- अचानक लगा झटका और टैंपो पलट गया
ड्राइवर राजू कुछ बताने की हालत में नहीं है। टैंपो ट्रेवलर में सवार अन्य खिलाड़ियों के अनुसार वह शीशों के पर्दे लगाकर बैठे थे, इसलिए उन्हें यह नहीं पता कि हादसा कैसे हुआ। उन्हें एक जोरधार झटका लगा और फिर टैंपो पलट गया। इसके बाद वह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। इसी बीच आस-पास के कुछ लोग आए और उन्हें बाहर निकलने में मदद की।
घायलों के एक परिचित भूपिंदर सिंह ने बताया कि हैप्पी एनआरआई है। वह टूर्नामैंट देखने के लिए उनके साथ बुजगर गांव गया था।
टूर्नामैंट में हिस्सा लेकर लौट रहे थे
टैंपो में ड्राइवर राजू व 13 वालीबॉल खिलाड़ी सवार थे। यह खिलाड़ी बरनाला के गांव रामा बिलासपुर के हैं व सिधवां बेट के साथ लगते गांव बुजगर में आयोजित संत बाबा संता सिंह यादगारी तीसरा वालीबॉल शूटिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद वापस लौट रहे थे। यह टीम टूर्नामैंट में दूसरे स्थान पर रही थी। जीत की खुशी में टीम ने रास्ते में एक ढाबे पर रुककर जश्न मनाया। कुछ ने शराब भी पी।