bhaskar Web English
HomeNewsHaryanaHisar Hisar

हिसार : 1.7 डिग्री

हिसार. प्रदेश में शीतलहर चल रही है। करनाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में जहां न्यूनतम तापमान 4.2 और अधिकतम तापमान 9 दर्ज किया गया वहीं हिसार में न्यूनतम तापमान 1.7 दर्ज किया गया। पारा लगातार पांचवें दिन गिरने के साथ-साथ अब हिसार में पाला भी गिरने लगा है। इसने लोगों व फसलों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। बीती रात ठंड से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया कि रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस से कम 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी बीच शनिवार रात को फूल मार्केट में सत्यनगर निवासी रिक्शा चालक 40 वर्षीय गोपाल की ठंड के कारण मौत हो गई। गोपाल शनिवार रात को घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की लेकिन रविवार सुबह उन्हें उसका शव ही मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ठंड से उसकी मौत की पुष्टि की है। गौरतलब है कि हिसार में पिछले पांच दिनों लगातार तापमान गिर रहा है। 11 दिसंबर को यह 11.7 था, वहीं 12 दिसंबर को गिरकर 9 डिग्री, 13 दिसंबर को गिरकर 8 डिग्री, 14 दिसंबर को गिरकर 4 डिग्री, 15 दिसंबर को गिरकर 3.2 डिग्री और 16 दिसंबर को गिरकर अब 1.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।

रविवार की सुबह क्षेत्र में पाला भी पड़ा। फसलों पर पाला ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है जो फसलों के लिए हानिकारक है। हकृवि के मौसम विभाग केअध्यक्ष डॉ. दीवान सिंह ने संभावना जताई कि क्षेत्र में सोमवार को भी पाला पड़ेगा।

धुंध में थमी ट्रेनों की रफ्तार
रविवार सुबह धुंध के कारण लंबी दूरी की आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेन अपने निर्धारित समय से लेट हो र्गई जिससे ठंड में यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर होना पड़ा। डाउन साइड की ट्रेनें सामान्य चलती रहीं जबकि अप लाइन की ट्रेनों पर धुंध का ज्यादा प्रभाव पड़ा। डिब्रूगढ़ से अमृतसर जाने वाली ट्रेन नंबर 4673 सरयू-यमुना एक्सप्रेस सुबह अपने निर्धारित समय से पौने छह घंटे लेट रही। हरिद्वार से श्रीगंगानगर जाने वाली 4711 इंटरसिटी ढाई घंटे, नई दिल्ली से बठिंडा जाने वाली ट्रेन नंबर 4731 इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा लेट रही।

वाराणसी से अमृतसर जाने वाली ट्रेन नंबर 0414 स्पेशल ट्रेन दो घंटे, ट्रेन नंबर 8507 हीराकुंड एक्सप्रेस ढाई घंटे, 5211 जननायक एक्सप्रेस ढाई घंटे, जालंधर से दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक घंटा और ट्रेन नंबर 8238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पौने दो घंटे लेट हुई। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनों पर भी धुंध का आंशिक असर पड़ा। ट्रेनें लेट होने से कई यात्रियों को ठंडे में स्टेशन पर घंटों बैठना पड़ा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: