कनीना (नारनौल). कनीना-दादरी मार्ग पर सेहलंग-बाघोत के बीच मोटरसाइकिल और पिकअप जीप की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई और तीन युवक घायल हो गए। मृतकों में दो सगे भाई हैं। इन दोनों भाइयों की शनिवार को सगाई हुई थी। तीसरा मृतक युवक भी अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। दुर्घटना में घायल तीन लोगों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात्रि करीब 7 बजे चिड़िया (भिवानी), सुनील और सतवीर अपनी मोटरसाइकिल पर गांव सेहलंग से चिड़िया जा रहे थे कि सेहलंग-बाघोत के बीच दादरी से आ रही जीप से उनके मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दोनों सगे भाइयों सुनील और सतवीर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कनीना लाया गया, जहां खिल्लूराम निवासी बुआना की मृत्यु हो गई।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल रामबास निवासी छतरपाल पुत्र मोहरसिंह, नीरज देवी पत्नी मदनलाल निवासी जैनाबाद और प्रेमपाल निवासी बौंद खुर्द को पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया। चिड़िया निवासी मृतक दोनों भाइयों की शनिवार को सगाई हुई थी, जबकि तीसरा मृतक खिल्लूराम अपने परिवार का इकलौता पुत्र था।