बीकानेर. सर्दी अब अपने असली रंग में आ गई। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। शनिवार को लोग ठंड से इतने कांपे कि रजाई में भी राहत नहीं मिली और रात आठ बजे के बाद तो घर से बाहर निकलना दुश्वार लगा। राहत रविवार को दिन में भी नहीं मिली लेकिन तेज धूप ने लोगों को ऊष्मा जरूर प्रदान की। शनिवार की रात न्यूनतम तापमान पहली बार छह डिग्री सेल्सियस के नीचे आ पहुंचा। दिन का तापमान भी 20 डिसे के करीब है।
ठंडी हवाओं के कारण सुबह नौ बजे तक तो धूप भी असर नहीं दिखा सकी लेकिन उसके बाद धूप से राहत मिली। चार बजे के बाद धूप फिर बेअसर हो गई। शाम होते ही लोग ठंड से बचने के लिए घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो गए।
इन दिनों बेवजह मजबूर अथवा कार्यवश खुले में रात बिताने वालों का सहारा मात्र अलाव है। बीती रात जगह-जगह अलाव तापते लोगों के समूह दिखाई दिए। दिन में भी गलन से बचने के लिए लोग चाय की थड़ियों पर हाथ तापते दिखे। रविवार को अधिकतम तापमान 21.8 व न्यूनतम तापमान सात डिसे रहा।