bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

अब दिल्ली दूर, जयपुर से बढ़ेंगी नजदीकियां

चूरू. रेवाड़ी-सादुलपुर व सादुलपुर-हिसार के बीच एक जनवरी से आमान परिवर्तन का काम शुरू होने के बाद जिलेवासियों का जहां दिल्ली, हिसार व रेवाड़ी से रेल संपर्क कट जाएगा, वहीं जयपुर से नजदीकियां बढ़ेंगी। आमान परिवर्तन के लिए रेलवे ने न केवल कई गाड़ियां रद्द की हैं, बल्कि अनेक गाड़ियों का समय और मार्ग भी बदल दिया है। सादुलपुर से रेवाड़ी-हिसार का संपर्क कटने के बाद चूरू का दिल्ली से सीधा संपर्क कट जाएगा। सीकर से वाया झुंझुनूं और लुहारू होते हुए श्रीगंगानगर जाने वाली गाड़ी सीकर से चूरू व सादुलपुर होते हुए श्रीगंगानगर जाएगी, वापसी में यही ट्रेन चूरू होते हुए जयपुर जाएगी जिससे चूरूवासियों को जयपुर के लिए एक नई ट्रेन मिल सकेगी।

फायदा उठाएगा रोडवेज
चूरू। आमान परिवर्तन के कारण रेलगाड़ियों के मार्गो में किए जा रहे बदलाव का चूरू आगार को लाभ मिलेगा। मौके का फायदा उठाने के लिए चूरू आगार बंद हुए मार्गो का सर्वे करवा रहा है। सर्वे के बाद आगार उन मार्गो पर नई बसें शुरू करेगा। दिल्ली से रेल का कोई साधन नहीं मिलने के बाद न केवल रोडवेज बल्कि निजी बस आपरेटर भी नई बसें शुरू करेंगे।

घाटा होगा रेलवे को भी
चूरू। आमान परिवर्तन कार्य के दौरान करीब 10 गाड़ियां बंद होने के बाद दिल्ली, हिसार और रेवाड़ी से रेल संपर्क कटने से रेलवे को रोजाना हजारों रुपए का घाटा होगा। साथ ही यात्रियों को भी रेल की बजाय बस सुविधा पर निर्भर रहना पड़ेगा।

रोजाना 60 हजार की चपत
चूरू। आमान परिवर्तन कार्य के दौरान जयपुर के लिए चूरू से जयपुर और गंगानगर के लिए नई रेल सेवा उपलब्ध होने और दोपहर में भी जयपुर के लिए गाड़ी मिलने से यात्री कम किराए में जयपुर की यात्रा कर सकेंगे। ऐसी स्थिति में पहले से घाटे में चल रहे चूरू आगार को रोजाना करीब 60 हजार रुपए की चपत लगेगी।

जयपुर के लिए नई गाड़ी
चूरू। मार्ग में परिवर्तन के बाद काम पूरा होने तक जयपुर और गंगानगर के लिए एक नई गाड़ी उपलब्ध हो सकेगी। 712-श्रीगंगानगर-जयपुर ट्रेन 13:45 बजे चूरू पहुंचकर 14:40 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी। 711 स्पेशल-जयपुर- श्रीगंगानगर गाड़ी सीकर से झुंझुनूं, लुहारू जाने की बजाय 14:30 बजे चूरू पहुंचकर यहां से 15:35 बजे श्रीगंगानगर के लिए रवाना होगी।

* आमान परिवर्तन के कारण बंद हुए मार्गो का सर्वे करने के लिए लिखित में आदेश दे दिए हैं। सर्वे के बाद बंद हुए मार्गो पर नई बसें चलाई जाएंगी।
-एनएस कालिया, प्रबंधक, चूरू आगार

* गाड़ियों के समय और मार्ग में परिवर्तन के कारण चूरू रेलवे को होने वाले घाटे का आकलन करवा रहे हैं।
-एके रैना, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, बीकानेर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: