News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati चूरू. जनपद में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का दौर जारी है। रविवार को न्यूनतम पारा जमाव बिंदु के निकट 0.9 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। चार दिनों में न्यूनतम पारा 7 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। तेजी से गिर रहे न्यूनतम तापमान की वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
शनिवार शाम आठ बजे के बाद लोगों के गर्म वस्त्र पहनने के बावजूद कपकंपी छूट रही थी। रात आठ बजे बाद शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों व लोगों का आवागमन कम हो गया। लोग जल्दी ही घरों में चले गए। रविवार सुबह भी तेज धूप निकलने के बाद लोगों की दिनचर्या शुरू हुई। बढ़ती सर्दी में लोग बड़े-बुजरुर्गो के स्वास्थ्य की चिंता करने लगे हैं। इस मौसम में बुजुर्गों के लिए गूंद, मैथी व सूंट बनाने की जुगत में लग गए हैं।
सुजानगढ़. पिछले दो-तीन दिनों से चल रही सर्द हवाओं का दौर रविवार को दिन में कुछ कम रहा। दिन में निकली तेज धूप का लोगों ने दिनभर आनंद लिया। सुबह-सुबह थोड़ी देर के लिए सर्द हवाओं का जोर रहा। रतनगढ़ रविवार को पारा जमाव बिंदू के नजदीक आने से क्षेत्र में पड़ी कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को प्रभावित किया। रविवार सुबह सर्दी ने लोगों को कंपकंपा दिया। खुली जगहों पर जमा पानी वफसल पर बर्फ की परत जम गई। शनिवार रात व रविवार सुबह गर्म कपड़े पहनने के बाद भी लोगों की ठिठुरन कम नहीं हुई। सुबह 10 बजे बाद धूप निकलने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली।
पड़िहारा कस्बे में सर्दी से जनजीवन प्रभावित है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के चलते लोगों को सुबह देर तक रजाई में दुबके रहना पड़ा। सुबह-शाम पड़ने वाली सर्दी से बचने की जुगत में लोग अलाव का भी सहारा ले रहे हैं।